#विविध
June 12, 2026
सावधान हिमाचल : दूध की जगह घर-घर पहुंच रहा DETERGENT! जांच में हुआ बड़ा खुलासा
खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में सामने आई बड़ी बात
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान दूध की गुणवत्ता को लेकर एक चिंताजनक मामला सामने आया है। प्रदेश के जिला कुल्लू विभाग की टीम ने ढालपुर स्थित भुट्टी चौक में विभिन्न दूध विक्रेताओं से नमूने लेकर उनकी जांच की। प्रारंभिक परीक्षण में राहत की बात यह रही कि दूध में यूरिया और स्टार्च जैसे मिलावटी तत्व नहीं पाए गए, लेकिन अधिकांश नमूनों में डिटर्जेंट के अंश मिलने से अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।
दरअसल, खाद्य सुरक्षा विभाग ने करीब 15 दूध और एक पनीर के नमूने को जांच के लिए लिया। जांच में यह सामने आया कि दूध में डिटर्जेंट जानबूझकर की गई मिलावट नहीं, बल्कि दूध रखने वाले कंटेनरों और केनों की ठीक तरह से सफाई न होने का परिणाम हो सकता है।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू का ड्रीम प्रोजेक्ट ADB करेगा पूरा, दी मंजूरी; 2200 करोड़ से बदलेगी हिमाचल की तस्वीर
अधिकारियों के अनुसार कई विक्रेता बर्तनों को डिटर्जेंट से धोने के बाद उन्हें पर्याप्त साफ पानी से नहीं धोते, जिससे रासायनिक अवशेष दूध में पहुंच जाते हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा कुल्लू ने बताया कि यह अभियान फिलहाल जागरूकता और निगरानी के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
विभाग ने संबंधित विक्रेताओं को स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन करने और दूध संग्रहण के लिए इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की सही तरीके से सफाई करने के निर्देश दिए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि डिटर्जेंट के अवशेष मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। इसलिए दूध विक्रेताओं को सलाह दी गई है कि वे कंटेनरों की सफाई के बाद उन्हें बहते स्वच्छ पानी से अच्छी तरह धोएं ताकि किसी भी प्रकार के रासायनिक तत्व दूध में न मिलें।
विभाग ने फिलहाल विक्रेताओं को चेतावनी देकर सुधार का अवसर दिया है। हालांकि स्पष्ट कर दिया गया है कि भविष्य में यदि खाद्य पदार्थों में रासायनिक अवशेष या असुरक्षित तत्व पाए गए तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कानून के अंतर्गत भारी जुर्माने के साथ-साथ कारावास का भी प्रावधान है।