#विविध

June 13, 2026

हिमाचल में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब: इस हाईवे पर लगा 10 KM लंबा महाजाम; बर्फबारी देखने पहुंचे लोग

शिमला और मनाली में पर्यटकों का आया सैलाब, 90 फीसदी होटल पैक

शेयर करें:

Himachal Tourism

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक तरफ वीकेंड और दूसरी तरफ प्री-मानसून की दस्तक के साथ सुहावना हुआ मौसम बाहरी राज्यों के पर्यटकों को बड़ी संख्या में अपनी ओर खींच रहा है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच हिमाचल इन दिनों सैलानियों की पहली पसंद बना हुआ है। यही वजह है कि शनिवार को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा।

 

हालात ऐसे रहे कि पर्यटन नगरी मनाली की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का दबाव इतना बढ़ गया कि मंडी से कुल्लू के बीच djhc 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वहीं राजधानी शिमला भी वीकेंड पर पूरी तरह पर्यटकों से गुलजार नजर आई।

हाईवे पर 10 किलोमीटर लंबा महाजाम

मनाली में इन दिनों मौसम बेहद खुशनुमा बना हुआ है। ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश ने पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार दे दी है। इसी का असर शनिवार को सड़कों पर देखने को मिला। मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह से लेकर दवाड़ा और थलौट क्षेत्र तक करीब 10 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। हजारों वाहन घंटों तक सड़क पर रेंगते रहे। कई जगहों पर वाहन चालकों को कुछ मीटर आगे बढ़ने के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ा। ड्रोन से सामने आए दृश्य में सड़क पर वाहनों की अंतहीन कतारें दिखाई दीं। दूर-दूर तक कारें, टैक्सियां और पर्यटक बसें ही नजर आ रही थीं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के शख्स की चंडीगढ़ में गो*ली मार कर ह*त्या, मेडिकल स्टोर में घुस किए 13 फा.यर; देखें VIDEO

गलत ओवरटेक और सड़क की क्षमता बनी बड़ी वजह

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जाम का मुख्य कारण भारी वाहनों का दबाव और पर्यटकों द्वारा नियमों की अनदेखी करना रहा। कई वाहन चालक जल्दबाजी में गलत दिशा से ओवरटेक करने की कोशिश करते हैं, जिससे दोनों तरफ का ट्रैफिक फंस जाता है। इसके अलावा पंडोह बाजार से कैंची मोड़ तक सड़क का सीमित चौड़ाई वाला हिस्सा भी ट्रैफिक दबाव को संभाल नहीं पा रहा है, जिसके चलते जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है।

 

फोरलेन पर फंसा ट्राला, घंटों प्रभावित रहा यातायात

जाम की समस्या उस समय और बढ़ गई जब कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर जोगनी मोड़ के पास एक भारी मशीनरी से लदा ट्राला पहाड़ी किनारे फंस गया। ट्राले को हटाने में कई घंटे लग गए, जिसके कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सैकड़ों पर्यटक और स्थानीय लोग घंटों जाम में फंसे रहे। हालांकि बाद में प्रशासन और पुलिस की मदद से यातायात धीरे-धीरे सामान्य किया गया।

 

यह भी पढ़े : हिमाचल की बेटी ने रचा इतिहास: एयरफोर्स में बनी फ्लाइंग ऑफिसर; अब आसमान में उड़ाएंगी फाइटर जेट

जून में बर्फबारी का आनंद लेने पहुंच रहे पर्यटक

आमतौर पर जून के महीने में लोग गर्मी से राहत के लिए पहाड़ों का रुख करते हैं, लेकिन इस बार हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी पर्यटकों के लिए किसी बोनस से कम नहीं है। रोहतांग दर्रा, शिंकुला और बारालाचा जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। जून के महीने में बर्फबारी का नजारा देखकर पर्यटक रोमांचित हैं और बड़ी संख्या में इन क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। कई पर्यटकों का कहना है कि उन्होंने जून में बर्फ गिरते हुए पहली बार देखी है, जो उनके लिए यादगार अनुभव बन गया।

अटल टनल के पार भी उमड़ी भारी भीड़

शनिवार को रोहतांग दर्रे की ओर बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन रवाना हुए। वहीं चार हजार के करीब पर्यटक वाहन अटल टनल के रास्ते लाहौल, स्पीति, चंद्रताल, बारालाचा और शिंकुला क्षेत्रों की ओर बढ़े। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि इस समय समर सीजन अपने चरम पर है और अधिकांश होटल लगभग पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पत्नी के हवाले दो मासूम बेटों को छोड़ गया 38 वर्षीय खनन रक्षक, ड्यूटी पर बिगड़ी थी तबीयत

मनाली के होटल लगभग हाउसफुल

वीकेंड और सुहावने मौसम का असर होटल उद्योग पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मनाली के अधिकांश होटलों में कमरों की बुकिंग 90 से 95 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। होटल कारोबारियों का कहना है कि ताजा बर्फबारी और मौसम में आई ठंडक के कारण पर्यटकों की संख्या में अचानक बड़ा उछाल देखने को मिला है।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

प्रशासन ने पर्यटकों से मौसम और ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटकों को प्रशिक्षित गाइड और पंजीकृत ट्रैवल एजेंसियों की सेवाएं लेने की सलाह दी गई है।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल : HT लाइन की चपेट में आने से झुलसा 22 वर्षीय पेंटर, नहीं बच पाया बेचारा

शिमला भी वीकेंड पर हुआ पर्यटकों से गुलजार

उधर राजधानी शिमला में भी वीकेंड के दौरान पर्यटकों की भारी आमद दर्ज की गई। इंटरनेशनल समर फेस्टिवल के अंतिम चरण और सुहावने मौसम के चलते बड़ी संख्या में सैलानी शहर पहुंचे। पुलिस के अनुसार एक ही दिन में शोगी बैरियर से लगभग 23 हजार वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई, जिनमें करीब 12 हजार वाहन बाहरी राज्यों से आए थे। यह आंकड़ा बताता है कि राजधानी शिमला भी पर्यटकों की पहली पसंद बनी हुई है।

 

हालांकि वाहनों का दबाव बढ़ने के बावजूद पुलिस और यातायात विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखा। विभिन्न स्थानों पर वाहन खराब होने और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं के बावजूद शहर में कहीं भी लंबा जाम नहीं लगने दिया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : महिला साथी के साथ चिट्टा सप्लाई करने पहुंचे थे 3 पंजाबी, होटल के पास हुए गिरफ्तार

गर्मी से बचने के लिए हिमाचल बना पहली पसंद

मैदानी राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी और हिमाचल में बारिश, ठंडी हवाओं तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी ने प्रदेश को पर्यटकों के लिए सबसे आकर्षक गंतव्य बना दिया है। आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बार का समर सीजन प्रदेश के पर्यटन उद्योग के लिए नए रिकॉर्ड बना सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख