हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में रोजगार की तलाश कर रहे भूतपूर्व सैनिकों के लिए राहत भरी खबर है। एक प्राइवेट कंपनी 200 पदों पर भर्ती करने जा रही है। इन पदों पर भर्ती होने वाले भूतपूर्व सैनिकों की नियुक्ति गुजरात में की जाएगी। यह जानकारी हमीरपुर जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के उपनिदेशक स्क्वाड्रन लीडर मनोज राणा ने दी है।
कौन सी कंपनी कितने पदों पर करेगी भर्ती
हिमाचल प्रदेश में चैकमेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड 200 पदों पर भर्ती करने जा रही है। यह सभी पद गुजरात के जामनगर में सिक्योरिटी गार्ड्स के रूप में भरे जाएंगे।
कब और कैसे होगी भर्ती
चैकमेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड गुजरात के जामनगर में सिक्योरिटी गार्ड्स के 200 पदों पर भर्ती करेगी। यह भर्ती 5 मई को सुबह 10 बजे हमीरपुर के सैनिक विश्राम गृह में होगी। जिसमें थल सेना के भूतपूर्व सैनिकों की भर्ती की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में तेज रफ्तार का कहर: ओवरटेक करते कैंटर से टकराई पिकअप, बीच सड़क पलटी
भर्ती में उम्र और शैक्षणिक योग्यता
इन 200 पदों पर भर्ती के लिए भूतपूर्व सैनिकों की उम्र 48 वर्ष निर्धारित की गई है। जबकि शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है। इस भर्ती में इनफेंटरी के जनरल डयूटी वर्ग के भूतपूर्व सैनिक भाग ले सकते हैं। वहीं उम्मीदवारों की मेडिकल केटिगरी शेप.1, लंबाई 5 फुट 8 इंच और बीएमआई 26ण्5 होना चाहिए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : गाड़ी में लकड़ी का बॉक्स देख चौंकी पुलिस, खोला तो निकला चरस का जखीरा
कितना मिलेगा वेतन
इन पदों पर भर्ती होने वाले भूतपूर्व सैनिकों को 41,339 रुपए मासिक वेतन के अलावा अन्य सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा उन्हें 3 हजार रुपए में खाने की सुविधा भी दी जाएगी।
कौन से दस्तावेज लाएं साथ
इन पदों पर भर्ती के इच्छुक भूतपूर्व सैनिक अपने साथ डिस्चार्ज बुक, पीपीओ, एक्स सर्विस मैन का पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एसपी कार्यालय द्वारा जारी पुलिस वेरिफिकेशन रिपोर्ट, बैंक पासबुक या कैंसल्ड चैक, दसवीं कक्षा की अंक तालिका और 8 पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे।
