#रोजगार
September 6, 2026
हिमाचल के बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत: IIT मंडी में सरकारी नौकरी का मौका; जल्द करें आवेदन
गैर-शैक्षणिक श्रेणी में विभिन्न तकनीकी और मेडिकल पदों पर शुरू की भर्ती प्रक्रिया
शेयर करें:

मंडी: हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मंडी ने गैर-शैक्षणिक श्रेणी में विभिन्न तकनीकी और मेडिकल पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। संस्थान की ओर से कुल 8 पदों को भरने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। भर्ती में जूनियर टेक्निकल सुपरिंटेंडेंट और स्टाफ नर्स के पद शामिल हैं।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 24 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे पात्र अभ्यर्थियों के पास आवेदन करने के लिए अभी समय है।
इस भर्ती के तहत सभी पद पे-लेवल-06 के अंतर्गत आते हैं। अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष निर्धारित की गई है। पदों का आरक्षण अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार तय किया गया है।
भर्ती में जूनियर टेक्निकल सुपरिंटेंडेंट (JTS) के विभिन्न पदों के साथ स्टाफ नर्स के पद शामिल हैं। इनमें सेंटर फॉर क्वांटम साइंस एंड टेक्नोलॉजी, इंडियन नॉलेज सिस्टम एंड मेंटल हेल्थ एप्लीकेशंस तथा डिजिटल एंड कंप्यूटिंग सर्विसेज के तहत अलग-अलग पद रखे गए हैं।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू आज फिर जाएंगे दिल्ली, 5 दिन में यह दूसरा दौरा; इन 3 अहम मुद्दों पर केंद्र से मांगेगे समाधान
सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट एंड ऑटोमेशन से जुड़े पदों में ST, OBC-NCL और PwD-SC श्रेणी के लिए आरक्षण है। नेटवर्क एंड सिस्टम एडमिनिस्ट्रेशन के लिए SC श्रेणी में पद निर्धारित है। वहीं स्टाफ नर्स के पदों में SC और OBC-NCL श्रेणी के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
IIT मंडी की इस भर्ती में अलग-अलग शैक्षणिक पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों के लिए अवसर हैं। तकनीकी पदों के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी की डिग्री, डिप्लोमा या स्नातकोत्तर योग्यता के साथ आवश्यक अनुभव मांगा गया है। क्वांटम साइंस एंड टेक्नोलॉजी से जुड़े पद के लिए फिजिक्स या इलेक्ट्रॉनिक्स में B.Sc./डिप्लोमा के साथ 5 वर्ष का अनुभव अथवा B.E./B.Tech के साथ कम से कम एक वर्ष का अनुभव आवश्यक है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक साथ हुआ 3 दोस्तों का अंतिम संस्कार, इकलौते बेटे की अर्थी से लिपटी रही मां
इंडियन नॉलेज सिस्टम एंड मेंटल हेल्थ एप्लीकेशंस से जुड़े पद के लिए BAMS में प्रथम श्रेणी की डिग्री के साथ 5 वर्ष का अनुभव या MD (आयुर्वेद) के साथ 2 वर्ष का अनुभव मांगा गया है। वहीं सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट एंड ऑटोमेशन तथा नेटवर्क एंड सिस्टम एडमिनिस्ट्रेशन के पदों के लिए कंप्यूटर साइंस, आईटी या इलेक्ट्रॉनिक्स में B.E./B.Tech, MCA या संबंधित डिप्लोमा योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी पात्र हो सकते हैं।
मेडिकल क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी इस भर्ती में अवसर है। स्टाफ नर्स पद के लिए उम्मीदवार के पास 10+2 के साथ GNM का तीन वर्षीय डिप्लोमा, संबंधित नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण और किसी मान्यता प्राप्त अस्पताल में कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना चाहिए। इसके साथ ही सभी पदों के लिए अभ्यर्थी को कंप्यूटर, विशेष रूप से ओपन सोर्स सॉफ्टवेयर का ज्ञान और अंग्रेजी भाषा में दक्षता होना जरूरी है।
IIT मंडी ने अलग-अलग श्रेणियों के लिए आवेदन शुल्क भी निर्धारित किया है। UR और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों को कुल 500 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि OBC अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 400 रुपये है। वहीं SC, ST, महिला, PwD और ESM श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। हालांकि इन अभ्यर्थियों को 300 रुपये प्रोसेसिंग फीस देनी होगी।
भर्ती नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट मिलेगी। SC/ST उम्मीदवारों को 5 वर्ष और OBC-NCL उम्मीदवारों को 3 वर्ष की आयु छूट दी जाएगी। इसके अलावा IIT मंडी में संविदा, आउटसोर्स, एडहॉक या प्रोजेक्ट बेसिस पर कम से कम तीन वर्ष काम कर चुके और शैक्षणिक रूप से योग्य कर्मचारियों को विशेष राहत दी गई है। ऐसे अभ्यर्थी सीधी भर्ती में अधिकतम 50 वर्ष की आयु तक पात्र हो सकते हैं।
चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति IIT मंडी के कमांद स्थित मुख्य परिसर में होगी। नियुक्तियां शुरुआत में संस्थान के नियमों के अनुसार प्रोबेशन पर रहेंगी। इसके बाद नियमों के अनुरूप नियुक्ति को नियमित किया जाएगा। हिमाचल में सरकारी नौकरी के सीमित अवसरों के बीच IIT मंडी की यह भर्ती उन युवाओं के लिए खास अवसर लेकर आई है, जो तकनीकी, कंप्यूटर, आयुर्वेद या नर्सिंग क्षेत्र में योग्यता रखते हैं। खासकर हिमाचल के स्थानीय युवाओं के लिए अपने ही राज्य में प्रतिष्ठित संस्थान में नौकरी हासिल करने का यह महत्वपूर्ण मौका है।
इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी IIT मंडी की आधिकारिक वेबसाइट www.iitmandi.ac.in या समर्थ पोर्टल [https://iitmandint.samarth.edu.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 24 सितंबर 2026 है।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, जाति प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक पदों के लिए आवेदन करना चाहता है तो उसे हर पद के लिए अलग आवेदन फॉर्म और निर्धारित शुल्क जमा करना होगा।
हिमाचल के युवाओं के लिए जरूरी बात: आवेदन करने से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आरक्षण और आयु सीमा की आधिकारिक शर्तों को ध्यान से जांचना जरूरी है।