सोलन। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। SIU ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आल्टो कार से चिट्टा (हेरोइन), नकदी और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार बरामद की है।

चिट्टे संग युवती और दो युवक अरेस्ट

इस मामले में पुलिस ने दो युवकों और एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : रात को घर लौट रहे थे दो यार, गहरी खाई में समाई कार- 5 बच्चों ने खोए पिता

आरोपियों तक कैसे पहुंची पुलिस

जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस की SIU को देर रात एक संदिग्ध वाहन के जरिए नशा तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित ऑल्टो कार को रोककर उसकी तलाशी ली।

कार से क्या-क्या मिला?

जांच के दौरान कार में सवार तीन लोगों के कब्जे से 17.41 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 5,600 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ, नकदी और वाहन को कब्जे में लेते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : ढाबे वाले ने दो नान के मांगे 180 रुपये, युवक देने से मुकरा- तो मुंह पर जड़े कई थप्पड़

आरोपियों की पहचान

पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की उम्र 21 से 23 साल है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान-

  • श्रुति ठाकुर (21) पुत्री अश्वनी कुमार निवासी कगर, सोलन
  • औनिक रमोलटा (21) पुत्र बलवान सिंह निवासी मढोल, शिमला
  • जय सिंगला (23) पुत्र मनोज कुमार निवासी हिमुडा कॉलोनी, सोलन

यह भी पढ़ें- चोरों ने घर की तिजोरी से चुराए 9 लाख के गहने, आगे 15 हजार में बेचे- पुलिस ने 3 दबोचे

पुलिस ने कार भी की जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद चिट्टा, नकदी और तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो कार को जब्त कर लिया है। इस संबंध में थाना सदर सोलन में NDPS अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को विधि अनुसार गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी केवल स्थानीय स्तर पर नशे की तस्करी कर रहे थे या फिर किसी बड़े गिरोह का हिस्सा हैं।

यह भी पढ़ें : आउटसोर्सिंग पर HC सख्त : सुक्खू सरकार के रवैये पर जताई नाराजगी; ढिलाई पर लगाई फटकार

रिकॉर्ड की हो रही गहन जांच

इसके अलावा पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, उनके संपर्कों, मोबाइल फोन, वित्तीय लेन-देन और मादक पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े हर पहलू की गहन जांच कर रही है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी

हिमाचल प्रदेश पुलिस लगातार नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। विभिन्न जिलों में एसआईयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान लगातार चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों की बरामदगी हो रही है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें