मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक परिवार में शराब के नशे में कथित तौर पर हुड़दंग और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नाल गांव में एक व्यक्ति ने नशे की हालत में घर पहुंचकर अपनी मां के साथ बदसलूकी की।
कलयुगी बेटे ने मां से की नीच हरकत
इसके बाद आरोपी पर अपने भाइयों और मां को दराट व कुल्हाड़ी दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर सुंदरनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल विस में पहले ही दिन घमासान- वंदे मातरम पर हंगामा, नौकरियों को लेकर भड़का विपक्ष
शराब पीकर आया था घर
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, नाल गांव निवासी जीत राम बुधवार को कथित तौर पर शराब के नशे में घर पहुंचा। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
मां के साथ की धक्का-मुक्की
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसने अपनी मां कलाष्णू देवी के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद घर में मौजूद अन्य परिजनों के साथ भी विवाद बढ़ गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : ढाई वर्षीय बेटी की मां ने रचा इतिहास, वैज्ञानिक बनीं अमिता- परिवार में खुशी की लहर
जान से मारने की दी धमकी
शिकायत में मां कलाष्णू देवी तथा उनके बेटों बंशी राम और रोशन लाल ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उन्हें दराट और कुल्हाड़ी दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इससे परिवार के सदस्यों में डर का माहौल पैदा हो गया।
घर के सामान से तोड़फोड़
परिजनों के अनुसार, स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब आरोपी ने घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोप है कि उसने हथौड़े की मदद से घर के दरवाजे तोड़ दिए और कई घरेलू सामान बाहर फेंक दिए।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर से निकला 22 वर्षीय शुभम नहीं लौटा, परिवार चिंतित- दोस्तों से पूछताछ कर रही पुलिस
घरेलू सामान भी बाहर फेंका
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर घर से पावर टिल्लर, अनाज, पशुओं के चारे की दो बोरियां, खल, ट्रंक और अन्य घरेलू सामान बाहर फेंक दिया। परिजनों ने इस घटना में एक लाख रुपये से अधिक के नुकसान का दावा किया है। उनका आरोप है कि तोड़फोड़ के कारण घर की संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा और घरेलू सामान भी अस्त-व्यस्त हो गया।
थाने पहुंचे मां और भाई
घटना के बाद मां कलाष्णू देवी पत्नी स्वर्गीय मनीराम तथा उनके बेटे बंशी राम और रोशन लाल ने पुलिस थाना सुंदरनगर में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। c
यह भी पढ़ें- हिमाचल में अगले 48 घंटे बारिश- फिर लगातार 5 दिन साफ रहेगा मौसम, पहाड़ों पर खिलेगी धूप
पुलिस ने शुरू की जांच
SP विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना सुंदरनगर में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की नियमानुसार जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े साक्ष्य क्या हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
