#अपराध
November 16, 2026
घर से पेपर देने निकली थी दोनों छात्राएं, पुलिस खोज रही इस कदम के कारण

घुमारवीं (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिन दो नाबालिग सहेलियों के परिवार उन्हें परीक्षा देकर घर लौटने का इंतजार कर रहे थे, उनकी तलाश का अंत बेहद दुखद हुआ। दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 और 15 साल की दोनों छात्राओं के शव घुमारवीं की सीर खड्ड से बरामद किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों सहेलियां 10वीं कक्षा की छात्राएं थाीं और घर से परीक्षा देने की बात कहकर निकली थीं] लेकिन बाद में उन्होंने सिरखड्ड पुल से खड्ड में छलांग लगा दी। कई घंटों तक चले तलाश अभियान के बाद दोनों के शव मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल अब भी अनसुलझा है कि आखिर इतनी कम उम्र में दोनों छात्राओं ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया?
जानकारी के अनुसार दोनों छात्राएं बिलासपुर जिले के बरमाणा क्षेत्र की रहने वाली थीं और दसवीं कक्षा में पढ़ती थीं। परिजनों के मुताबिक, दोनों शनिवार, 14 नवंबर की सुबह सुंदरनगर में परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थीं। परिवार को उम्मीद थी कि परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों शाम तक वापस लौट आएंगी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद जब छात्राएं घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल भाजपा नेताओं के साथ वायरल हुई MLA सुंदर ठाकुर की तस्वीर, तेज हुई सियासी हलचल
शाम तक दोनों का कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू कर दी। रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया गया, लेकिन दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसी बीच छात्राओं के ननिहाल पक्ष से पता चला कि रविवार को दोनों घुमारवीं में देखी गई थीं। इसके बाद उन्हें समझाकर घर वापस लाने के लिए बरमाणा से दो युवकों को घुमारवीं भेजा गया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों छात्राएं घुमारवीं के सिरखड्ड पुल से नीचे खड्ड में छलांग लगा चुकी थीं। रविवार शाम करीब छह बजे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से खड्ड में दोनों छात्राओं की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोग लगातार उन्हें खोजने में जुटे रहे।
यह भी पढ़ें : विधानसभा विंटर सेशन का आज पहला दिन: सुक्खू सरकार को इन मुद्दों पर घेरेगा विपक्ष
बताया जा रहा है कि मलोट गांव का एक व्यक्ति अपनी बेटी के साथ गाड़ी में घुमारवीं से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी बेटी की नजर पुल पर मौजूद दोनों लड़कियों पर पड़ी। उसने दोनों को पुल से खड्ड में छलांग लगाते हुए देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
खड्ड का पानी अत्यधिक ठंडा होने और अंधेरा छाने के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद स्थानीय लोग देर शाम तक तलाश में जुटे रहे। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार को एक छात्रा का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरी छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल पाया। रात होने के कारण अभियान प्रभावित हुआ और दूसरी छात्रा की तलाश जारी रखी गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सुबह-सवेरे खाई में लुढ़की गाड़ी, तीन लोगों ने मौके पर तोड़ा दम- 2 की हालत नाजुक
सोमवार सुबह पुलिस और स्थानीय लोगों ने एक बार फिर सीर खड्ड में तलाश अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद दूसरी लापता छात्रा का शव भी खड्ड से बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही दोनों नाबालिग सहेलियों की तलाश समाप्त हुई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों छात्राओं की उम्र 14 और 15 वर्ष थी। दोनों आपस में अच्छी सहेलियां थीं और दसवीं कक्षा में पढ़ती थीं। इनमें से एक छात्रा अपने ननिहाल में रहती थी, जबकि दूसरी प्रवासी परिवार से संबंध रखती थी और बरमाणा क्षेत्र में ही रहती थी। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। वहीं, पूरे क्षेत्र में भी इस दर्दनाक घटना को लेकर गहरा दुख देखने को मिल रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से पेपर देने निकली दो सहेलियां, एक की मिली देह- 10वीं की पढ़ती हैं दोनों
डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि सिरखड्ड पुल से खड्ड में छलांग लगाने वाली दोनों छात्राओं के शव बरामद कर लिए गए हैं। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों छात्राओं ने किन परिस्थितियों में इतना बड़ा कदम उठाया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
इस घटना ने दो परिवारों को ऐसा गहरा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो पाएगी। घर से परीक्षा देने की बात कहकर निकलीं दोनों सहेलियां आखिर किन परिस्थितियों से गुजर रही थीं, यह अभी जांच का विषय है। क्या दोनों किसी परेशानी में थीं या इस घटना के पीछे कोई और वजह थी? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे। फिलहाल दो मासूम जिंदगियों के इस तरह खत्म होने से पूरा क्षेत्र गमगीन है।