राजनीति

#अपराध

November 19, 2026

पैसे दो तो काम हो जाएगा.... हिमाचल में विजिलेंस ने 20 हजार रुपए लेते धरा रिश्वतखोर पुलिस सब इंस्पेक्टर 

विजिलेंस ने 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ धरा चौकी प्रभारी

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

bribe News Kangra

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार की जड़ें किस कदर गहरी होती जा रही हैं, इसके उदाहरण आए दिन सामने आ रहे हैं। सरकारी पदों पर बैठकर जनता की सेवा और कानून की रक्षा करने की जिम्मेदारी निभाने वाले कुछ अधिकारी और कर्मचारी चंद रुपयों के लालच में अपना ईमान तक दांव पर लगा रहे हैं। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला अब जिला कांगड़ा के नूरपुर से सामने आया है, जहां कानून की रखवाली करने वाले एक पुलिस अधिकारी को ही रिश्वत लेते हुए विजिलेंस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस चौकी सदवां के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर भजन जरयाल पर एक मामले की कैंसिलेशन रिपोर्ट तैयार करने में मदद करने के बदले 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने का आरोप है। विजिलेंस धर्मशाला की टीम ने सुनियोजित जाल बिछाकर आरोपी अधिकारी को स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में रिश्वत की रकम के साथ दबोच लिया। इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी महकमों में फैले भ्रष्टाचार और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने 21 चिट्टा तस्कर पुलिसवालों को नौकरी से निकाला... 98 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त

30 हजार से शुरू हुई रिश्वत की डिमांड

विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी सब-इंस्पेक्टर भजन जरयाल पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत पुलिस चौकी सदवां में प्रभारी के पद पर तैनात था। नूरपुर तहसील के निवासी गौरव सिंह ने विजिलेंस के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके खिलाफ दर्ज एक मामले में कैंसिलेशन रिपोर्ट तैयार करवाने में मदद करने की एवज में अधिकारी उनसे रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप था कि सब-इंस्पेक्टर ने शुरुआत में इस काम के बदले 30 हजार रुपए की मांग की थी। हालांकि, बाद में बातचीत के दौरान रिश्वत की रकम 20 हजार रुपए तय हो गई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के लिए विजिलेंस का दरवाजा खटखटाया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: चलती कार पर अचानक पहाड़ी से गिरे बड़े-बड़े पत्थर, चालक की मौके पर थम गईं सांसें

शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई विजिलेंस

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, धर्मशाला की टीम ने शिकायत का सत्यापन किया। आरोपों की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी को पकड़ने के लिए पूरी रणनीति तैयार की और ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस दौरान स्वतंत्र गवाहों को भी कार्रवाई में शामिल किया गया, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और नियमानुसार संपन्न हो सके।

20 हजार रुपये लेते ही विजिलेंस ने दबोचा

तय योजना के मुताबिक जैसे ही सब-इंस्पेक्टर भजन जरयाल ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपए की रिश्वत स्वीकार की, पहले से मुस्तैद विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली। अचानक हुई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई। जिस अधिकारी पर कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी थी, उसी को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया जाना चर्चा का विषय बन गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में निजी बस ने कुचल दिया बाइक सवार, घर से निकलते ही हो गया हा**दसा; पसरा मातम

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज

विजिलेंस थाना धर्मशाला में आरोपी सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस मामले में 18 नवंबर 2026 को एफआईआर संख्या 13/2026 दर्ज की गई है। कार्रवाई के बाद आरोपी अधिकारी को हिरासत में ले लिया गया है। विजिलेंस की टीम अब इस पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

आखिर कब रुकेगा भ्रष्टाचार का सिलसिला?

इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी व्यवस्था में बैठे उन लोगों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जो अपने पद और अधिकारों का इस्तेमाल जनसेवा के बजाय निजी फायदे के लिए करते हैं। पुलिस विभाग का काम आम जनता को न्याय दिलाना, कानून का पालन करवाना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ऐसे में यदि किसी अधिकारी पर ही मामले को रफा-दफा करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगे तो आम लोगों का व्यवस्था पर भरोसा प्रभावित होना स्वाभाविक है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख