मंडी। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। औट थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान लाखों रुपये कीमत की  चरस बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह सप्लाई किया जाना था।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 जुलाई को औट थाना पुलिस की एक टीम झलोगी-दवाड़ा फ्लाईओवर के पास नियमित नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों और लोगों की जांच की जा रही थी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : किराये के कमरे में ल.टका मिला 26 वर्षीय कूरियर बॉय, सदमे में परिवार

इसी बीच पुलिस को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। शक के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 3.66 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इतनी बड़ी मात्रा में नशा मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और पूरी खेप को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

लाखों रुपये की बताई जा रही है बरामद चरस की कीमत

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद की गई 3.66 किलो चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। इसी संभावना को देखते हुए मामले की जांच को और तेज कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पति आ रहा था प्रेम के आड़े, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पहुंचाया परलोक; झाड़ियों में मिला

सोलन जिले का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष ठाकुर के रूप में हुई है, जो तहसील कसौली, जिला सोलन का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह इस अवैध कारोबार से कब से जुड़ा हुआ था।

 

आज अदालत में किया जाएगा पेश

पुलिस आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश करेगी। अदालत से पुलिस रिमांड मिलने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सकेगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्मार्ट मीटर विवाद पर कोर्ट का बड़ा फैसला, बिजली काटने की कार्रवाई पर रोक- जानें

चरस का स्रोत और सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस

मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से लेकर आया था और इसे किस इलाके में सप्लाई किया जाना था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 9वीं क्लास के छात्र ने उठाया गलत कदम, सूबेदार पिता ने निजी स्कूल पर जड़े गंभीर आरोप

नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा कस रही मंडी पुलिस

पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। युवाओं को नशे से बचाने और प्रदेश में नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार नाकाबंदी, गश्त और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास नशे के कारोबार की कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।