बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चिट्टा तस्करी से जुड़े एक अंतर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पंजाब से नशे की सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं और जांच लगातार आगे बढ़ रही है। शुरुआती जांच में साफ हुआ है कि यह नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था और हिमाचल में चिट्टे की सप्लाई कर रहा था। अब पुलिस इस पूरे गिरोह से जुड़े बाकी लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने में जुटी हुई है।
नाकाबंदी के दौरान ढेर सारा चिट्टे बरामद
जानकारी के अनुसार, 29 जून को स्वारघाट थाना की पुलिस टीम गरामोड़ा के पास नियमित नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक पर पुलिस को शक हुआ। जब उसे रोककर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 14.01 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: प्रेमी जोड़े की हरकतों का VIDEO वायरल- पब्लिक प्लेस पर 'किस' करते दिखे, थाने पहुंचा केस
आरोपी की पहचान मंडी जिले की सदर तहसील के भ्यूली निवासी 34 वर्षीय मोहित कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी।
मोबाइल रिकॉर्ड और पैसों के लेन-देन से मिले बड़े सुराग
पहले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सिर्फ पूछताछ तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि मामले की हर कड़ी को जोड़ने के लिए डिजिटल साक्ष्यों और बैंकिंग लेन-देन की भी गहन जांच की। मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, चैट और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले गए।
यह भी पढ़ें : जयराम की हुई मंडी : अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पदों पर BJP का कब्जा, कांग्रेस का सूपड़ा साफ
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे कई सुराग मिले, जिनसे पता चला कि बरामद किया गया चिट्टा पंजाब से लाया गया था। इसी जांच में मंडी के रहने वाले निशांत शर्मा का नाम सामने आया, जो इस सप्लाई चेन में अहम भूमिका निभा रहा था।
मंडी में दबिश देकर दूसरे आरोपी को किया गिरफ्तार
जांच में नाम सामने आने के बाद पुलिस टीम ने बिना देरी किए मंडी में दबिश दी। यहां से पुरानी मंडी निवासी 33 वर्षीय निशांत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा तोहफा : चुनाव हारने वाले मिड-डे मील कर्मियों को वापस मिलेगी नौकरी
पुलिस ने जब दोनों आरोपियों से अलग-अलग और आमने-सामने पूछताछ की तो कई अहम जानकारियां सामने आईं। इसी दौरान पुलिस को उस व्यक्ति के बारे में पता चला, जो पंजाब से हिमाचल तक चिट्टे की सप्लाई का पूरा नेटवर्क संचालित कर रहा था।
पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड निकला पंजाब का युवक
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पंजाब के एसबीएस नगर जिले का रहने वाला 21 वर्षीय जसनप्रीत सिंह अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर इस अंतर्राज्यीय चिट्टा सप्लाई नेटवर्क को चला रहा था। आरोप है कि वही पंजाब से नशे की खेप तैयार कर हिमाचल तक पहुंचाने का काम करता था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में रात 3 बजे आया फ्लैश फ्लड, मची भगदड़- कई सड़कें बंद, 6 दिन का ऑरेंज अलर्ट
उसके नेटवर्क के जरिए अलग-अलग लोगों तक चिट्टा पहुंचाया जाता था। पुलिस को जैसे ही उसके ठिकाने की जानकारी मिली, तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई गई।
पंजाब में जाल बिछाकर मुख्य सप्लायर को दबोचा
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से पंजाब में दबिश दी और वीरवार को जसनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी को इस पूरे मामले की सबसे बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि शुरुआती जांच में उसे सप्लाई चेन की सबसे अहम कड़ी बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में युवक की ह*त्या- सिर पर किए थे कई वार, पुलिस ने 2 आरोपियों को किया अरेस्ट
फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और हिमाचल में किन-किन इलाकों तक नशे की सप्लाई की जाती थी।
हिमाचल में किस-किस तक पहुंचता था चिट्टा, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नेटवर्क प्रदेश के किन जिलों तक फैला हुआ था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किन लोगों को चिट्टा बेचते थे और इस धंधे में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस को उम्मीद है कि मुख्य आरोपी से पूछताछ में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें : सोलन MC चुनाव में भाजपा का बड़ा दांव: निर्दलीय को सौंपी डिप्टी मेयर की कुर्सी, सुषमा शर्मा बनी मेयर
क्या बोलो SP बिलासपुर ?
SP बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। जो भी व्यक्ति इस अवैध कारोबार में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
