#अपराध
November 13, 2026
आरोपी ने महिला की फर्जी आईडी बनाकर किए गंदे कमेंट, नंबर भी किया लीक

नूरपुर (कांगड़ा)। सोशल मीडिया पर अब किसी की इज़्ज़त के साथ खिलवाड़ करना भारी पड़ेगा। हिमाचल की कांगड़ा पुलिस ने एक ऐसे शातिर को सबक सिखाया है, जिसने सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला को बदनाम करने की सारी हदें पार कर दी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नूरपुर पुलिस की टीम ने पंजाब के लुधियाना में छापा मार कर उस आरोपी को धर दबोचा है जिसने महिला के नाम पर फ़र्ज़ी इंस्टा आईडी बनाई और भद्दे कमेंट भी किये। इतना ही नहीं आरोपी ने मोबाइल नंबर भी सोशल मीडिया पर लीक कर दिया।
बताया जा रहा हैं की यह पूरा मामला नूरपुर के डमटाल थाना इलाके का है, पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि किसी अज्ञात शख्स ने उनके नाम से एक नहीं बल्कि कई फ़र्ज़ी इंस्टा अकाउंट बना लिए हैं और ये शातिर आदमी इन्ही फ़र्ज़ी आई डी से महिला और उनके परिवार की फोटोज अपलोड कर रहा था और उन पर बेहद अश्लील बाते लिख रहा था, इतना ही नहीं जब महिला ने इसका विरोध किया तो उस शख्स ने महिला समेत पुरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पिता ने दस्तावेज बदल बेटे को 17 की उम्र में दिलाई नौकरी, पढ़ाई के साथ लेता रहा वेतन; FIR
आरोपी की नीचता यहीं नहीं रुकी । महिला को मानसिक रूप से तोड़ने के लिए उसने सोशल मीडिया पर लड़की का मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिया और नंबर के सोशल मीडिया में पब्लिक होते ही लड़की के फ़ोन की घंटी दिन - रात बजने लगी। अनजान लोग फ़ोन करके उन्हें परेशान करने लगे, जिससे लड़की और उसके घरवालों का घर से निकलना और चैन से जीना मुश्किल हो गया।
महिला की शिकायत के बाद डमटाल पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज़ कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने साइबर की मदद ली और जालसाज़ के फ़र्ज़ी अकाउंट का आईपी एड्रेस खंगालना शुरू किया। जैसे ही पुलिस के हाथ पक्के सुराग लगे, एक स्पेशल टीम तुरंत पंजाब रवाना हुई और लुधियाना के शेरपुर चौक से आरोपी को दबोच लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: स्कूल से गायब रहते हैं गुरुजी! नौनिहालों की पढ़ाई भगवान भरोसे, ग्रामीणों ने CM से लगाई गुहार
पुलिस की गिरफ्त में आये आरोपी की पहचान लुधियाना के शेरपुर चौक निवासी शाम लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल और बाकि सामान भी ज़ब्त कर लिए है। जिससे वो ये गन्दा खेल खेल रहा था। अब पुलिस उस से कड़ाई से पूछताछ कर रही है की उससे यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर आरोपी ने ऐसा क्यों किया और क्या उसके निशाने पर कोई अन्य महिला भी थी।