#अपराध
November 11, 2026
जम्मू-कश्मीर के युवक से तय किया था बेटी का रिश्ता

चंबा। कानून आरोपियों को सजा इसलिए देता है और सलाखों के पीछे भेजता है, ताकि वे अपनी गलती से सबक लें और दोबारा किसी को नुकसान न पहुंचाएं। लेकिन हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे परिवार को चिंता में डाल दिया है। यहां एक मां अपनी बेटी की जान बचाने के लिए प्रशासन के दरवाजे खटखटा रही है।
बेटी पर जानलेवा हमला करने वाला युवक जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद फिर से परिवार को धमका रहा है। बेटी की सुरक्षा को लेकर डरी हुई मां ने अब DC चंबा से गुहार लगाई है कि उसे इस डर के माहौल से निजात दिलाई जाए।
मामला सलूणी उपमंडल के गांव ढबियूंड़ा का है। यहां की रहने वाली मैना पत्नी अमर सिंह ने DC चंबा मुकेश रेप्सवाल को शिकायत सौंपी है। महिला ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता जम्मू-कश्मीर के बनी क्षेत्र के एक युवक से तय किया था। शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन कुछ समय बाद युवक का व्यवहार बदलने लगा। वह फोन पर बेटी को परेशान करने लगा और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। इससे तंग आकर परिवार ने रिश्ता खत्म करने का फैसला लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शादी से लौट रहे दो जवानों की कार खड्ड में गिरी, एक की मौ*त- दूसरे की हालत नाजुक
महिला का आरोप है कि रिश्ता टूटने से युवक इतना नाराज हो गया कि वह कई बार उनके घर पहुंचकर बेटी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने लगा। एक बार तो उसने धारदार हथियार से बेटी के गले पर हमला कर दिया। इस हमले में बेटी की जान बड़ी मुश्किल से बची। घटना के बाद परिवार ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद परिवार को लगा था कि अब उनकी बेटी सुरक्षित रह सकेगी।
मैना का आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी के परिवार वालों ने उसकी जमानत करवा ली। जेल से बाहर आने के बाद वह कथित तौर पर फिर उनके घर पहुंच गया। इससे परिवार बुरी तरह घबरा गया और उन्होंने तुरंत सलूणी पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई, लेकिन महिला का कहना है कि इसके बाद भी उनकी परेशानी खत्म नहीं हुई।
यह भी पढ़ें : सुंदर ठाकुर को जयराम की सलाह- मंत्री बनाने के नाम पर पीछे-पीछे घुमा रहे CM सुक्खू, बचाएं अपनी इज्जत
महिला के मुताबिक, आरोपी अब फोन पर उनकी बेटी को लगातार धमकियां दे रहा है और गंभीर परिणाम भुगतने की बात कह रहा है। इससे बेटी के साथ पूरा परिवार डर के माहौल में जी रहा है। मां का कहना है कि उन्हें डर है कि कहीं आरोपी दोबारा उनकी बेटी पर हमला न कर दे। परिवार पहले भी पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर चुका है, लेकिन उन्हें अब तक पूरी सुरक्षा नहीं मिल पाई है।
बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित मां ने DC चंबा से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। महिला का सवाल है कि आखिर उन्हें इस डर से कब राहत मिलेगी? वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए DC चंबा मुकेश रेप्सवाल ने बताया कि महिला की शिकायत पर संज्ञान लिया गया है। उन्होंने पुलिस विभाग को जल्द जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।