#विविध
July 3, 2026
हिमाचल में रात 3 बजे आया फ्लैश फ्लड, मची भगदड़- कई सड़कें बंद, 6 दिन का ऑरेंज अलर्ट
चोलिंग में हाईवे बंद, रिब्बा गांव में रात 3 बजे फ्लैश फ्लड से दहशत
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते किन्नौर जिले में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन जैसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। चोलिंग में मलबा नेशनल हाईवे-5 पर आ गिरा, जिससे दो वाहन उसकी चपेट में आ गए और हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। वहीं रिब्बा गांव में तड़के तीन बजे अचानक आए फ्लैश फ्लड से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बीती रात किन्नौर में हुई तेज बारिश के बाद चोलिंग क्षेत्र में भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें नेशनल हाईवे-5 पर आ गईं। मलबे की चपेट में दो गाड़ियां भी आ गईं। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मार्ग बंद होने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) की मशीनें सड़क बहाल करने में जुटी हुई हैं।
इसी बीच रिब्बा गांव में सुबह करीब तीन बजे फ्लैश फ्लड आने से लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग रात में ही अपने घरों से बाहर निकल आए, जबकि कुछ ने एहतियात के तौर पर अपने वाहन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में युवक की ह*त्या- सिर पर किए थे कई वार, पुलिस ने 2 आरोपियों को किया अरेस्ट
मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कुल्लू, शिमला, सिरमौर और ऊना जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश से तबाही: NH-5 पर भारी मलबा, चपेट में आए कई वाहन- अलर्ट जारी
4 जुलाई को कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 5 और 6 जुलाई को पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के दोबारा सक्रिय होने से प्रदेश के मध्यम और निचले क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
पिछले दो दिनों में हिमाचल में सामान्य से 211 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के कारण प्रदेश में 49 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 42 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 27 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
लगातार बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 9.6 डिग्री नीचे पहुंच गया है। केलांग, मनाली और कांगड़ा में भी तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक कम दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें : सोलन MC चुनाव में भाजपा का बड़ा दांव: निर्दलीय को सौंपी डिप्टी मेयर की कुर्सी, सुषमा शर्मा बनी मेयर
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और प्रशासन की ओर से जारी मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।