#अपराध
November 11, 2026
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला

सोलन। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जिला सोलन में पुलिस की SIU टीम ने दो युवकों को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों का चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के आंजी के समीप टाटा मोटर्स शोरूम से सामने आया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नशे की तस्करी से जुड़े कुछ लोग इलाके में सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही जिला पुलिस की SIU टीम ने आंजी के पास टाटा मोटर्स शोरूम के नजदीक नाकाबंदी कर दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बर्थडे के दिन घर से कुछ दूर मर्चेंट नेवी जवान को वाहन ने रौंदा, गर्भवती पत्नी का उजड़ा संसार
इसी दौरान वहां से गुजर रही एक टैक्सी को पुलिस ने जांच के लिए रोका। जब टीम ने टैक्सी में बैठे दोनों युवकों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 41.22 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर टैक्सी को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज शर्मा (36) निवासी रबौण, डाकघर सपरून और अंकुर ठाकुर (31) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सपरून, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि वे चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
यह भी पढ़ें : घर दिवाली मनाकर ड्यूटी पर जा रहे हिमाचल के 22 वर्षीय युवक को फॉर्च्यूनर ने रौंदा, थमी सांसें
SP साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि पुलिस ने नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टैक्सी को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के दौरान सामने आया है कि अंकुर ठाकुर पहले भी चिट्टा तस्करी के मामले में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ पुलिस थाना धर्मपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। उस दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 19.68 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। यानी आरोपी पहले भी नशे के मामले में पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है।
वहीं, दूसरे आरोपी धीरज शर्मा के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए तो नहीं हैं। इसके अलावा चिट्टे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।