#अपराध
November 12, 2026
शिकायत करने आई महिला के पीछे पुलिस चौकी पहुंचा युवक, जमकर किया हंगामा

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पंजाब से आया एक व्यक्ति अपनी शादीशुदा प्रेमिका के घर में पिस्तौल लेकर जा घुसा। कमरे में घुसते ही उसने महिला और उसके 21 वर्षीय बेटे पर पिस्तौल तान दी और उसे अपने साथ पंजाब चलने का फरमान सुना दिया। महिला ने जब उसके साथ जाने से इनकार किया तो आरोपी ने सरेआम गोली मारने की धमकी दे डाली।
मामला कसौली क्षेत्र के बंगोआ गांव का है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, पंजाब के गुरदासपुर निवासी नरेंद्र कुमार 10 नवंबर को मोटरसाइकिल पर महिला के घर पहुंचा। इसके बाद वह सीधे कमरे में घुस गया और महिला के सामने पिस्तौल तान दी। उस समय महिला का 21 वर्षीय बेटा आशीष भी वहां मौजूद था। आरोपी ने महिला पर अपने साथ पंजाब चलने का दबाव बनाया। जब महिला ने साफ इनकार कर दिया तो उसने धमकी दी कि चुपचाप साथ चल, नहीं तो गोली मार दूंगा और खुद भी जान दे दूंगा।
यह भी पढ़ें : गजब..हिमाचल में यहां हुई 500 के नोटों की बारिश ! अचानक जमीन पर गिरने लगे पैसे; जानें पूरा वाक्या...
पुलिस को दी शिकायत में महिला अंजली देवी ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी बातचीत गुरदासपुर निवासी नरेंद्र कुमार से शुरू हुई थी। इसके बाद वह अपनी मर्जी से कुछ समय उसके घर पर भी रही थी। महिला के अनुसार वह वहां केयरटेकर के तौर पर काम करती थी। नरेंद्र गुरदासपुर में एक इमिग्रेशन कार्यालय में नौकरी करता है। बताया गया है कि आरोपी तलाकशुदा है और महिला पर शादी करने के लिए दबाव डालता था। नरेंद्र से परेशान होकर वह अक्टूबर 2026 में अपने गांव बंगोआ लौट आई थी। इसके बाद भी आरोपी उसका पीछा कर रहा था और वापस पंजाब आने के लिए दबाव बना रहा था।
यह भी पढ़ें : बारात की गाड़ी खाई में गिरी, दो लोगों की मौ**त के बाद भी नहीं जागा मंत्री विक्रमादित्य का विभाग
घर में पिस्तौल दिखाकर धमकाने की घटना के बाद महिला काफी डर गई थी। अगले दिन यानी 11 नवंबर को शाम करीब 5 बजे वह अपने पति और बेटे के साथ कुठाड़ पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाने पहुंची। लेकिन यहां भी आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। वह मोटरसाइकिल पर पीछे-पीछे पुलिस चौकी पहुंच गया और वहां भी पिस्तौल दिखाकर महिला को डराने लगा। पुलिस चौकी में अचानक हुए इस घटनाक्रम से माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सोलन टी. साई दत्तात्रेय वर्मा के निर्देश पर कसौली थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को समझाने और बातचीत के जरिए स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी जब मोटरसाइकिल की तरफ जाने लगा तो पुलिस को उसे पकड़ने का मौका मिला। पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए। बताया जा रहा है कि हथियार रखने के संबंध में आरोपी कोई वैध लाइसेंस भी पेश नहीं कर पाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शादी से लौट रहे दो जवानों की कार खड्ड में गिरी, एक की मौ*त- दूसरे की हालत नाजुक
पुलिस ने आरोपी नरेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल नंबर PB06AP-9363 और पिस्तौल को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में थाना कसौली में एफआईआर नंबर 86/2026, दिनांक 11 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 333 और 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस उसके हथियार के स्रोत और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : सुंदर ठाकुर को जयराम की सलाह- मंत्री बनाने के नाम पर पीछे-पीछे घुमा रहे CM सुक्खू, बचाएं अपनी इज्जत
एसपी सोलन टी. साई दत्तात्रेय वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।