#अपराध
November 13, 2026
17 साल की उम्र में बेटे को दे दी नौकरी

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में बेटे को नौकरी दिलाने के लिए पिता की ओर से पद का गलत इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिता ने खुद नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार किया और बाद में उसमें बदलाव कर बेटे को नौकरी दिलाई। इतना ही नहीं, जरूरी मंजूरी के बिना बेटे को वेतन भी दिया जाता रहा। अब इस मामले में विजिलेंस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
इस मामले की शिकायत भरमाड़ निवासी मुलख राज ने की थी। शिकायत के अनुसार, हरदेव सिंह को 15 फरवरी 2001 को विक्रेता और सहायक सचिव के पद पर नियुक्त किया गया था। उस समय उसकी उम्र केवल 17 साल पांच महीने थी। इतनी कम उम्र में नियुक्ति दिए जाने को लेकर शिकायत की गई थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: स्कूल से गायब रहते हैं गुरुजी! नौनिहालों की पढ़ाई भगवान भरोसे, ग्रामीणों ने CM से लगाई गुहार
जांच में सामने आया कि नियुक्ति का प्रस्ताव हरदेव सिंह के पिता शेर सिंह ने खुद लिखा था। इस प्रस्ताव में 'अवैतनिक रूप से' शब्द बाद में दूसरे पेन से जोड़े गए थे। पूछताछ के दौरान शेर सिंह ने भी माना कि ये शब्द अलग पेन से लिखे गए थे। जांच में यह भी पता चला कि हरदेव सिंह को 30 जनवरी 2003 से हर महीने 2,200 रुपये वेतन मिलने लगा था। जबकि इसके लिए सहायक पंजीयक से पहले मंजूरी लेने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
विभागीय जांच में हरदेव सिंह की नियुक्ति को नियमों के खिलाफ पाया गया। जांच के मुताबिक, उसकी वास्तविक नियुक्ति 5 अक्तूबर 2004 को हुई थी। वहीं, हरदेव सिंह ने साल 2001 से 2005 तक नियमित विद्यार्थी के रूप में बीए की पढ़ाई भी की। हैरानी की बात यह है कि पढ़ाई के दौरान भी वह सहकारी सभा से वेतन लेता रहा।
यह भी पढ़ें : क्या हिमाचल BJP में सब ठीक...! अनिल शर्मा की CM सुक्खू से नजदीकी बड़े उलटफेर के संकेत तो नहीं?
इस मामले में विभागीय कार्रवाई के बाद जून 2006 से मई 2007 तक का 26,400 रुपये वेतन वापस जमा करवाया गया था। हालांकि, जांच में बाकी अवधि के वेतन की पूरी रकम वापस लिए जाने से जुड़ा कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। इसी आधार पर अब विजिलेंस ने पिता-पुत्र के खिलाफ FIR दर्ज की है।