#राजनीति

July 2, 2026

सोलन MC चुनाव में भाजपा का बड़ा दांव: निर्दलीय को सौंपी डिप्टी मेयर की कुर्सी, सुषमा शर्मा बनी मेयर

भाजपा ने ही डिप्टी मेयर के लिए निर्दलीय को बनाया था अपना प्रत्याशी

शेयर करें:

solan MC Election

सोलन।  हिमाचल प्रदेश के सोलन नगर निगम को आखिरकार नया मेयर और डिप्टी मेयर मिल गया है। गुरुवार को हुए चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज करते हुए नगर निगम की सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। वार्ड नंबर-2 की पार्षद सुषमा शर्मा मेयर निर्वाचित हुई हैं, जबकि वार्ड नंबर-3 से निर्दलीय पार्षद गौरव राजपूत डिप्टी मेयर चुने गए हैं। दिलचस्प बात यह रही कि पूर्ण बहुमत होने के बावजूद भाजपा ने डिप्टी मेयर के पद पर निर्दलीय को बैठाया। इसे भाजपा का बड़ा सियासी दांव माना जा रहा है। 

भाजपा के खाते में मेयर, निर्दलीय के खाते में डिप्टी मेयर

मेयर पद के लिए भाजपा ने वरिष्ठ पार्षद सुषमा शर्मा को मैदान में उतारा था। वहीं डिप्टी मेयर पद के लिए पार्टी ने निर्दलीय पार्षद गौरव राजपूत का समर्थन किया। चुनाव में दोनों उम्मीदवारों को 11-11 वोट मिले और वे विजयी घोषित किए गए। दूसरी तरफ कांग्रेस ने मेयर पद के लिए वार्ड नंबर-9 की पार्षद मीनाक्षी शर्मा और डिप्टी मेयर पद के लिए वार्ड नंबर-13 के पार्षद नरेंद्र नीटू को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन दोनों को केवल 7-7 मत ही मिल सके।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: करंट ने छीन लिया परिवार का इकलौता सहारा, काम करते 45 वर्षीय प्लंबर की मौ*त

निर्दलीय गौरव राजपूत बने सबसे चर्चित चेहरा

इस चुनाव का सबसे दिलचस्प पहलू निर्दलीय पार्षद गौरव राजपूत का डिप्टी मेयर बनना रहा। गौरव राजपूत नगर निगम चुनाव में भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे थे और जीत हासिल की थी। अब भाजपा के समर्थन से डिप्टी मेयर बनने के बाद उन्होंने साफ किया है कि वह औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल नहीं हो रहे हैं, लेकिन नगर निगम में विकास कार्यों और प्रशासनिक मामलों में भाजपा का समर्थन जारी रखेंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल से चरस की खेप लेकर पंजाब सप्लाई करने निकले थे दो युवक, बीच रास्ते पुलिस ने धरे

भाजपा की रणनीति ने दिलाई जीत

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा ने नगर निगम में अपना बहुमत और राजनीतिक संतुलन बनाए रखने के लिए यह रणनीतिक फैसला लिया। पार्टी ने मेयर पद अपने खाते में रखा और डिप्टी मेयर पद पर निर्दलीय सहयोगी को आगे बढ़ाकर भविष्य के समीकरण भी मजबूत किए।

राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जीत के बाद कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए, लेकिन भाजपा के सभी पार्षद एकजुट रहे और पार्टी ने दोनों महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल नगर निगम तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की राजनीति में भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सकारात्मक संदेश लेकर आई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: किराये के कमरे में मिली 11वीं की छात्रा की देह, 3 बहनों में थी सबसे बड़ी; मचा हड़कंप

16 वर्षों के राजनीतिक अनुभव का मिला इनाम

नवनिर्वाचित मेयर सुषमा शर्मा ने जीत के बाद भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह चौथी बार पार्षद चुनी गई हैं और पार्टी ने उन पर भरोसा जताकर शहर की सेवा का बड़ा अवसर दिया है। सुषमा शर्मा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सोलन शहर का समग्र विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाएं, स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना होगी। उन्होंने सभी पार्षदों को साथ लेकर काम करने का भरोसा भी दिया।

कांग्रेस की क्रॉस वोटिंग की उम्मीद नहीं हुई पूरी

चुनाव से पहले कांग्रेस को उम्मीद थी कि व्हिप जारी नहीं होने के कारण भाजपा खेमे में क्रॉस वोटिंग हो सकती है, लेकिन मतदान के दौरान भाजपा पूरी तरह एकजुट दिखाई दी। इसका सीधा फायदा भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को मिला और कांग्रेस दोनों पदों पर हार गई।

अब विकास पर रहेंगी निगाहें

नगर निगम में नए मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के साथ ही अब लोगों की नजरें शहर के विकास कार्यों पर टिकी हैं। भाजपा इसे अपनी राजनीतिक जीत मान रही है, जबकि कांग्रेस को इस हार के बाद संगठनात्मक स्तर पर आत्ममंथन करना पड़ सकता है। सोलन नगर निगम के इस चुनाव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि स्थानीय निकायों की राजनीति में रणनीति, संख्या बल और राजनीतिक प्रबंधन जीत-हार तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख