चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला की रावी नदी ने 9 दिन बाद मेडिकल कालेज की इंटर्न डॉक्टर इशिका शर्मा की लाश उगली। आज मंगलवार को सर्च अभियान में जुटी टीम ने इशिका शर्मा का शव रावी नदी से बरामद कर लिया है। इस तरह मेडिकल कॉलेज की इंटर्न डॉक्टर इशिका शर्मा की तलाश 9 दिन बाद दुखद रूप से समाप्त हो गई।
9 दिन बाद मिली इंटर्न डॉक्टर इशिका की देह
मिली जानकारी के अनुसार 9 दिन पहले हुए सड़क हादसे के बाद से लापता मेडिकल कॉलेज चंबा की प्रशिक्षु डॉक्टर इशिका शर्मा की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। इस तलाश का आज मंगलवार को उस समय दुखद अंत हो गया, जब इशिका शर्मा का शव मंगलवार दोपहर रावी नदी से बरामद हुआ। इशिका जिला शिमला के जुब्बल उपमंडल के हाटकोटी गांव की रहने वाली थीं। शव की बरामदगी के साथ ही परिजनों और पूरे मेडिकल कॉलेज में मातम का माहौल छा गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: रिश्तेदारी से लौटे पति-सास को अरेस्ट कर ले गई पुलिस, घर में विवाहिता ने उठा लिया....
कब और कैसे हुआ था हादसा
21 सितंबर की तड़के लगभग तीन बजे चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर परेल के पास एक कार अनियंत्रित होकर रावी नदी में गिर गई थी। कार में चंबा मेडिकल कॉलेज के चार प्रशिक्षु डॉक्टर सवार थे। हादसे में अखिलेश (25) निवासी बड़सर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि इशिका शर्मा नदी की तेज धार में बहकर लापता हो गई थीं। अन्य दो प्रशिक्षु रिशांत (26) निवासी कुमारसैन और दिव्यांक (23) निवासी कंडाघाट गंभीर रूप से घायल हुए थे और उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पानी का टैंक बनाकर ढक्कन लगाना भूला विभाग, पत्नी को तैरती मिली पति की देह
लगातार जारी रही तलाश
हादसे के बाद से ही चंबा पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने रावी नदी में इशिका की तलाश शुरू कर दी थी। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और तेज बहाव के बावजूद बीते नौ दिनों से अभियान लगातार जारी रहा। आखिरकार मंगलवार को पुलिस ने चंबा क्षेत्र में नदी से शव को बाहर निकाल लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी चंबा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और मृतकों के परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
यह भी पढ़ें : लंदन से लौटे सीएम सुक्खू मोदी सरकार पर बरसे, बोले-दो साल बाद राहत पैकेज का फायदा नहीं
शोक में डूबा मेडिकल कॉलेज और परिजन
डॉ इशिका की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दुखद हादसे ने जहां एक और परिवार की दुनिया उजाड़ दी, वहीं मेडिकल समुदाय को भी गहरे आघात में डाल दिया है। मेडिकल कॉलेज चंबा में उनके सहपाठी और शिक्षकों के बीच भी गम का माहौल है। सभी ने इशिका को एक मेहनती और संवेदनशील छात्रा बताया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पकड़ा गया ब*म से उड़ाने की धम*की भेजने का मास्टरमाइंड; कई राज्यों में फैला है नेटवर्क
प्रशासन और सुरक्षा पर सवाल
स्थानीय लोगों और छात्रों ने हादसे के बाद फिर से चंबा-पठानकोट हाईवे की खस्ताहाल स्थिति और सुरक्षा इंतज़ामों पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि बार.बार हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है।
