#हादसा
November 19, 2026
हाद.से में पिकअप के भी परखच्चे उड़ गए हैं

चंबा। हिमाचल प्रदेश से लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर प्रदेश को गमगीन कर दिया है। ताज़ा मामला चंबा जिले के खैरी थाना क्षेत्र का है, जहां बुधवार देर रात एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सलूणी तहसील के बासा गांव निवासी सुनील कुमार पुत्र उत्तम चंद और करण कुमार पुत्र कुंडू राम के रूप में हुई है। सुनील कुमार पिकअप चला रहे थे।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी के अनुसार, पिकअप समलेऊ से राजणी गांव की ओर जा रही थी। गांव से करीब 250 मीटर आगे पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी ढांक में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया।
हादसे में घायल हुए चारों लोगों को उपचार के लिए NHPC अस्पताल समलेऊ ले जाया गया, जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही खैरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पिकअप चालक सुनील कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रदेश में हाल के दिनों में सड़क हादसों की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। बीते 12 नवंबर को चंबा के भरमौर-हड़सर मार्ग पर प्रंघाला नाले में कार गिरने से 22 वर्षीय युवक की मौत हुई थी। वहीं, 16 नवंबर को शिमला जिले के रामपुर में कार खाई में गिरने से तीन लोगों की जान चली गई और दो घायल हुए।
इसके अलावा 18 नवंबर को मंडी जिले के लडभड़ोल में हुए भीषण हादसे में छह दोस्तों की मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षित सफर को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।