#अपराध
September 30, 2025
हिमाचल: हाथों की मेहंदी का रंग छूटने से पहले नवविवाहिता ने छोड़ी दुनिया, पति-सास गिरफ्तार
विवाहिता ने घर में उठाया गलत कदम, छोड़ दी दुनिया
शेयर करें:
डाडासीबा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक विवाहित महिला की लाश कमरे में फंदे से लटकी मिली है। कमरा अंदर से बंद था, जिसके चलते महिला के आत्महत्या किए जाने का संदेह है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। वहीं मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक महिला के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला कांगड़ा जिला के पुलिस थाना डाडासीबा के तहत पड़ती ग्राम पंचायत कस्बा जागीर का बताया जा रहा है। महिला ने देर रात को अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने यह खौफनाक कदम उस समय उठाया, जब उसका पति और सास अपनी किसी रिश्तेदारी में गए थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
बताया जा रहा है कि मृतक महिला की शादी को अभी मात्र पांच माह का ही समय हुआ था। ऐसे में महिला की मौत से कई बड़े सवाल उठने लगे हैं। इस मामले में मृतक महिला के पिता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाए हैं कि उनकी बेटी को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। जिससे तंग आकर ही उनकी बेटी इस तरह का खौफनाक कदम उठाया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पानी का टैंक बनाकर ढक्कन लगाना भूला विभाग, पत्नी को तैरती मिली पति की देह
जानकारी के अनुसार मृतका का पति और सास एक बीमार रिश्तेदार का हालचाल पूछने बाहर गए हुए थे। सुबह जब मृतका की 80 वर्षीय दादी सास ने बहू का कमरा लंबे समय तक बंद पाया तो उन्होंने पति को इसकी सूचना दी। इसके बाद गांव के पूर्व उपप्रधान वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और मृतका के मायके वालों को सूचित किया। पिता के आने पर दरवाजा तोड़ा गया, तो महिला पंखे से लटकी हुई मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। मृतका के पिता के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीपीओ डाडासीबा राज कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि मामले की जांच नियमानुसार प्रगति पर है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के पीछे के सही कारण स्पष्ट होंगे।
मामले की जांच कर रहे डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने मायका पक्ष के बयान के आधार पर मृतक महिला के पति और सास को हिरासत में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। वहीं शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
यह भी पढ़ें : लंदन से लौटे सीएम सुक्खू मोदी सरकार पर बरसे, बोले-दो साल बाद राहत पैकेज का फायदा नहीं
यह मामला सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के सामने खड़ी गंभीर सामाजिक चुनौती का आईना है। प्रदेश में हाल के वर्षों में विवाहित महिलाओं द्वारा आत्महत्या करने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पारिवारिक कलह, सामाजिक दबाव और मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी इसके बड़े कारण माने जा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों को रोकने के लिए समाज और प्रशासन दोनों को मिलकर प्रयास करने होंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पकड़ा गया ब*म से उड़ाने की धम*की भेजने का मास्टरमाइंड; कई राज्यों में फैला है नेटवर्क
इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। लोग न केवल शोकाकुल हैं, बल्कि यह सवाल भी उठा रहे हैं कि आखिर क्यों महिलाएं घरेलू समस्याओं से हारकर इतना बड़ा कदम उठाने को मजबूर हो रही हैं। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि महिलाओं के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएं और ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। इस दुखद घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और मानसिक स्वास्थ्य के लिए किस तरह के ठोस उपाय किए जाने चाहिए।