राजनीति

#हादसा

November 17, 2026

हिमाचल से लौट रहे पंजाबी श्रद्धालुओं की पिकअप टिप्पर से टकराई, तीन की मौके पर मौ**त

छठ पूजा के बाद हिमाचल में मां नैना देवी के दर्शन करने आए थे सभी श्रद्धालु

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

Road accident

बिलासपुर/माछीवाड़ा। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ में माथा टेककर लौट रहे पंजाब के श्रद्धालुओं के लिए यह धार्मिक यात्रा जिंदगी का सबसे दर्दनाक सफर बन गई। पंजाब के यह सभी श्रद्धालु हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मां नैना देवी के दर्शन करने आए थे। लेकिन जब यह लोग वापस लौट रहे तो उनकी गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 के करीब लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। 

 

मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के श्रद्धालु हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला में स्थित मां नैना देवी के दर्शन करने आए थे। माता के दर्शन कर जब सभी लोग वापस लौट रहे थे तभी देर रात को माछीवाड़ा के नजदीक श्रद्धालुओं से खचाखच भरी महिंद्रा पिकअप सड़क किनारे खड़े एक टिप्पर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन के आगे बैठे तीन श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि करीब 22 से 24 लोग घायल हो गए। 

एक पिकअप में सवार थे 30 श्रद्धालु

बताया जा रहा है कि पंजाब के माछीवाड़ा स्थित गुरु कॉलोनी के करीब 30 लोगों का समूह बीते रोज सोमवार सुबह छठ पूजा के बाद मां नैना देवी के दर्शन करने हिमाचल आए थे। पिकअप में 30 के करीब लोग सवार थे। मां नैना देवी के दर्शन करने के बाद जब यह लोग देर रात को अपने घर लौट रहे थे, तभी माछीवाड़ा के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े टिप्पर से जा टकराई और पलभर में खुशियों से भरा सफर मातम में बदल गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 100 साल के बुजुर्ग ने लौटाए सरकारी पैसे, बोले- मुझे जरूरत नहीं, गरीबों में बांट दो

महिला सहित दो नाबालिगों की मौत

हादसा इतना अचानक हुआ कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। टक्कर का सबसे ज्यादा असर वाहन के अगले हिस्से में हुआ, जहां बैठे तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गुरु कॉलोनी निवासी 13 वर्षीय मुन्ना कुमार, 17 वर्षीय गौरव कुमार और 35 वर्षीय मधु देवी के रूप में हुई है। हादसे में करीब दो दर्जन अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। 

तेज रफ्तार को बताया हादसे की बड़ी वजह

हादसे में घायल कमलेश कुमार ने वाहन चालक पर लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार वापसी के दौरान चालक काफी तेज गति से महिंद्रा पिकअप चला रहा था। इतना ही नहीं, कीरतपुर के आसपास भी चालक की लापरवाही के चलते वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बचा था। उस समय पिकअप में बैठे कुछ यात्रियों ने चालक को गाड़ी रोकने और किसी दूसरे व्यक्ति को ड्राइविंग की जिम्मेदारी देने के लिए कहा था। हालांकि चालक ने यात्रियों की चेतावनी को अनसुना कर दिया। कमलेश का आरोप है कि माछीवाड़ा के नजदीक तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पिकअप टिप्पर से जा टकराई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : NH पर पहाड़ी से गिरी बड़ी-बड़ी चट्टानें, गाड़ियों में फंसे कई पर्यटक...मचा हड़कंप

एंबुलेंस के इंतजार में बीता कीमती समय

घायल कमलेश कुमार के मुताबिक, घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कई बार एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे में सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को रोककर मदद मांगी गई। इसके बाद राहगीरों ने अपने निजी वाहनों से घायलों को माछीवाड़ा के अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।

गंभीर घायलों को चंडीगढ़ और लुधियाना किया रेफर

हादसे में घायल सभी लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए माछीवाड़ा के अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। कुछ लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए चंडीगढ़ और लुधियाना के अस्पतालों में रेफर किया गया है। हादसे में घायल लोगों की संख्या करीब 22 से 24 बताई जा रही है। एक ही परिवार और कॉलोनी के कई लोगों के घायल होने से गुरु कॉलोनी में भी चिंता और शोक का माहौल है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में टीचर पर शिक्षा विभाग का एक्शन, देरी से स्कूल पहुंचने पर किया सस्पेंड

हादसे के बाद चालक मौके से फरार

इस भीषण दुर्घटना के बाद पिकअप चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। हादसे में तीन लोगों की मौत और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घायल होने के बाद वाहन की क्षमता, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। करीब 30 लोगों को एक महिंद्रा पिकअप में ले जाने और चालक द्वारा कथित तौर पर यात्रियों की चेतावनी को नजरअंदाज करने के आरोपों ने सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मां नैना देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख