#हादसा
November 16, 2026
गहरी खाई मे गिरा वाहन

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। ताजा मामला जिला शिमला से सामने आया है, यहां सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य गंभीर घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के रामपुर बुशहर के रामपुर-गौरा सड़क पर बारसान मोड़ के पास पेश आया है। बताया जा रहा है कि रामपुर-गौरा-मशनु सड़क मार्ग पर पशाड़ा कैंची के पास सुबह करीब तीन बजे एक ऑल्टो कार नंबर HP-92-0132 अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से पेपर देने निकली दो सहेलियां, एक की मिली देह- 10वीं की पढ़ती हैं दोनों
इस हादसे में तीन लोगों की मौत होने की प्रारंभिक सूचना है, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी विभागों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
फिलहाल हादसा कैसे हुआ, इसकी वजह सामने नहीं आई है। वहीं, मृतकों और घायलों की पहचान को लेकर भी पूरी जानकारी का इंतजार है। हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
यह भी पढ़ें : विधानसभा विंटर सेशन का आज पहला दिन: सुक्खू सरकार को इन मुद्दों पर घेरेगा विपक्ष
रामपुर थाना के SHO रमेश नेगी ने सड़क हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रामपुर-गौरा सड़क पर बारसान मोड़ के पास वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल पुलिस की ओर से हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। SHO ने बताया कि मृतकों और घायलों से संबंधित अन्य जानकारी कुछ देर बाद साझा की जाएगी।
नोट: खबर लिखे जाने तक हादसे की इतनी ही जानकारी सामने आई है। मामले से जुड़ी अन्य जानकारी मिलने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।