#हादसा
November 17, 2026
जिस पर थी परिवार पालने की जिम्मेदारी, वही छोड़ कर चला गया

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। जिस बेटे के कंधों पर परिवार की जिम्मेदारियां थीं और जिसकी मेहनत से घर का चूल्हा जलता था, वह अब कभी लौटकर नहीं आएगा। नगरोटा बगवां थाना क्षेत्र के खोली रोखड़ में मार्बल की शीटें उतारते समय हुए हादसे में 36 वर्षीय विनीत कुमार की मौत हो गई। एक शीट अचानक उनके ऊपर गिर गई और देखते ही देखते हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार खोली रोखड़ निवासी विनीत कुमार मार्बल की शीटें उतारने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक भारी शीट उनके ऊपर गिर गई। हादसा इतना गंभीर था कि विनीत बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर का दावा: 2028 तक हिमाचल के इस जिला में पहुंचेगी ट्रेन, सुक्खू सरकार को भी घेरा
36 वर्षीय विनीत कुमार की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस व्यक्ति की मेहनत और कमाई से परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी होती थीं, उसका इस तरह अचानक चले जाना परिजनों के लिए गहरा सदमा है। हादसे ने परिवार से उसका बेटा ही नहीं, बल्कि घर की जिम्मेदारियां उठाने वाला एक अहम सहारा भी छीन लिया।
यह भी पढ़ें : 'जमीन की फर्जी रजिस्ट्रियां बंद करो' BJP का बैनर लेकर सदन के बाहर प्रदर्शन; सुक्खू सरकार को घेरा
हादसे की सूचना मिलने के बाद नगरोटा बगवां पुलिस ने मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें : सुंदर ठाकुर को मंत्री ना बनाने पर इस्तीफे की दी थी चेतावनी, हिमाचल कांग्रेस ने ले लिया बड़ा एक्शन
विनीत कुमार की मौत से खोली रोखड़ क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। रोजी-रोटी कमाने के लिए काम पर निकले 36 वर्षीय व्यक्ति की इस तरह मौत हो जाना कई सवाल छोड़ गया है। परिवार के लिए यह क्षति ऐसी है, जिसकी भरपाई संभव नहीं। जिस घर में रोजमर्रा की जिंदगी चल रही थी, वहां अब विनीत की यादें और अपनों को खोने का दर्द रह गया है।