#हादसा
November 18, 2026
अंधेरे में बिगड़ा संतुलन

चंबा। जिस दिन घर में जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं, उसी दिन परिवार को ऐसा गहरा जख्म मिलेगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। जन्मदिन पर स्कूल के बच्चों को खीर खिलाकर खुशियां बांटने वाले युवा शिक्षक की कुछ ही घंटों बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात गुरुकुल स्थित अपने आवास की ओर लौटते समय रास्ते में उनका पैर फिसलने की आशंका जताई जा रही है, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह करीब 150 मीटर नीचे सड़क पर जा गिरे।
यह भी पढ़ें : चंबा में शिक्षकों की भारी कमी! MLA हंस राज के सवाल पर सरकार के जवाब से खुली पोल
बुधवार सुबह वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने सड़क पर उनका शव देखा और इसकी सूचना स्थानीय पंचायत प्रधान को दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा।
इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि हादसे से ठीक एक दिन पहले ही अमित कुमार ने अपना जन्मदिन मनाया था। इस मौके पर उन्होंने स्कूल के बच्चों को खीर भी खिलाई थी। वह विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह की नए जिलों के गठन पर दोटूक, बोले- शिमला एक था-एक ही रहेगा
अमित कुमार अपने पीछे गर्भवती पत्नी और एक छोटी बेटी छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि आगामी जनवरी में उनके घर दूसरे बच्चे का जन्म होने वाला था। परिवार नए मेहमान के स्वागत की तैयारियों में जुटा था, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।