सोलन। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कभी बारिश के कारण फिसलन लोगों की जान ले रही है तो कभी तेज रफ्तार हादसों की वजह बन रही है। आए दिन हो रहे इन हादसों से कई परिवार उजड़ रहे हैं। ताजा मामला जिला सोलन से सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भयानक था कि स्कूटी सवार 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
स्कूटी पर किसी काम से जा रहा था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सोलन जिले के राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 चंडीगढ शिमला सड़क मार्ग पर स्थित नगर पंचायत कंडाघाट के पास का है। बताया जा रहा है कि रमेश रविवार सुबह स्कूटी पर किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान कंडाघाट स्थित जल शक्ति विभाग कार्यालय से करीब 100 मीटर दूरी पर हादसा हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से काम करने निकला था शख्स, परिजनों को गहरी खाई में मिली देह- पसरा मातम
तेज रफ्कार के कारण बिगड़ा संतुलन
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक काफी तेज रफ्तार से स्कूटी चला रहा था। सड़क पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद स्कूटी सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
युवक ने तोड़ा दम
हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायल युवक को संभाला और बिना देर किए सिविल अस्पताल कंडाघाट पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : किसान की बेटी ने हिमाचल का नाम दुनिया भर में किया रोशन- माउंट एवरेस्ट फतेह कर रचा इतिहास
मृतक की पहचान
रमेश (21) पुत्र पूर्ण निवासी गांव दरागटू, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन के रूप में हुई है।
गांव में पसरा मातम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग इस हादसे को बेहद दुखद बता रहे हैं। बताया जा रहा है कि रमेश मिलनसार स्वभाव का युवक था और गांव में सभी के साथ अच्छे संबंध रखता था। उसकी अचानक मौत से पूरे क्षेत्र में दुख की लहर दौड़ गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : नशा बेच खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य, सरकार ने लिया एक्शन- जमीन-मकान किया जब्त
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हादसे वाली जगह का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
DSP मुख्यालय सोलन अशोक चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : IGMC के डॉक्टरों का कमाल : बिना चीर-फाड़ कर डाली कैंसर की रोबोटिक सर्जरी, मरीज बिल्कुल स्वस्थ
प्रशासन ने दी आर्थिक सहायता
इस दुखद हादसे के बाद कंडाघाट प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। प्रशासन ने परिवार को हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया है।
