मंडी। हिमाचल प्रदेश में वीरवार सुबह मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस तरांगला के पास करीब 60 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 4 महिलाओं समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 सवारियां घायल हुई हैं। हादसे के वक्त बस में कुल 29 लोग सवार थे।
बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश कर रहा था, तभी बस हल्के से सड़क से बाहर निकली और वहीं डंगा धंस गया। बस तीन पलटियां खाती हुई खेतों में जा गिरी। हादसा सुबह करीब 9:45 बजे हुआ जब बस सरकाघाट से दुर्गापुर वाया जमणी जा रही थी। बस इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कि कुछ सवारियां बाहर छिटक गईं और कुछ अंदर फंस गईं।
यह भी पढें: हिमाचल में अगले 3 दिन बरसेगी आफत भरी बारिश- अलर्ट पर पूरा प्रदेश, जानें मौसम अपडेट
स्थानीय लोगों ने चादरों से बनाए स्ट्रेचर
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे। चादर और कंबल के स्ट्रेचर बनाकर उन्होंने खुद घायलों को सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के लिए रैफर किए गए घायल
घायलों को मेडिकल कॉलेज नेरचौक, एम्स बिलासपुर, हमीरपुर और पीजीआई चंडीगढ़ तक रैफर किया गया।
- 5 को सरकाघाट अस्पताल
- 8 का एम्स बिलासपुर में इलाज
- 7 को नेरचौक रैफर
- 2 को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया
- 1 यात्री को एम्स और 2 को नेरचौक में मृत घोषित किया गया
यह भी पढें: हिमाचल के उत्कर्ष की देशभर में चमक- JRF परीक्षा में मारी बाजी, टॉप कर बढ़ाया परिवार का मान
हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं:
कलासी देवी (60), बर्फी देवी, सुमन कुमार (33), गीता देवी (65), डोमा देवी (70), प्रकाश, बलवीर (60), और अंतरिक्ष (17)। ये सभी सरकाघाट क्षेत्र के विभिन्न गांवों से थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल भाजपा के दिग्गजों ने जेपी नड्डा से मांगी मदद: दिल्ली में हुई ये खास मीटिंग
सीएम-पीएम और डिप्टी सीएम ने जताया शोक, घोषित हुई राहत
- मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने हादसे पर गहरा शोक जताया और घायलों को हरसंभव उपचार देने के निर्देश दिए।
- प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की राहत राशि देने की घोषणा की है।
- उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने एम्स बिलासपुर जाकर घायलों से मुलाकात की और हाल जाना।
डंगा धंसना हादसे की बड़ी वजह
HRTC मंडलीय प्रबंधक उत्तम सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बस को पास देते समय सड़क का डंगा धंस गया, जिससे यह हादसा हुआ। एक तकनीकी टीम को भी मौके पर भेजा गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्कूटी से नशा सप्लाई कर रहे थे युवक और युवती, पुलिस को लगी खबर- हुए अरेस्ट
चालक पर केस दर्ज, जांच जारी
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने पुष्टि की है कि बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर लिया गया है। हादसे की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
