मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। साहिल कुमार का भारतीय सेना में भर्ती होने का सपना अभी ठीक से पूरा भी नहीं हुआ था कि एक हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। साहिल महज चार महीने पहले ही अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। महाराष्ट्र में सैन्य प्रशिक्षण के दौरान रोप क्लाइंबिंग करते समय वह हादसे का शिकार हो गए। दो दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ट्रेनिंग के दौरान 20 फीट ऊंचाई से गिरे साहिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहिल कुमार महाराष्ट्र में सेना का प्रशिक्षण ले रहे थे। इसी दौरान रोप क्लाइंबिंग की ट्रेनिंग करते समय उनके साथ यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि करीब 20 फीट की ऊंचाई पर रस्सी के सहारे चढ़ते समय उनके हाथों में पसीना आ गया, जिससे रस्सी पर उनकी पकड़ कमजोर हो गई।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार हिमाचल में लगाने जा रही नया टैक्स, विधानसभा में पारित हुआ बिल; जानें डिटेल
इसी बीच अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर पड़े। हादसे में साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। करीब दो दिनों तक जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
तिरंगे में लिपटकर गांव पहुंचा जवान का पार्थिव शरीर
साहिल की मौत की खबर जैसे ही उनके सुंदरनगर के छात्तर साई पैतृक गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। बीते कल शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बटालियन के चार सदस्य उनका पार्थिव शरीर लेकर छात्तर साई गांव पहुंचे। साहिल का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा हुआ था।
यह भी पढ़ें : 2027 के लिए हिमाचल कांग्रेस का बड़ा दांव: इन 22 सीटों पर कटेंगे दिग्गजों के टिकट ! जयराम के गढ़ पर नजर
अपने जवान बेटे को इस हालत में देखकर माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस बेटे को उन्होंने बड़े अरमानों के साथ देश की सेवा के लिए सेना में भेजा था, उसे इस तरह वापस लौटते देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में अपने इस युवा सपूत को अंतिम विदाई देने पहुंचे।
पिता चलाते हैं ऑटो, बेटे से थीं परिवार को बड़ी उम्मीदें
साहिल कुमार के परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य है। उनके पिता रोशन लाल ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। साहिल की दो बहनें भी हैं। परिवार को उम्मीद थी कि सेना में भर्ती होने के बाद बेटा घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाएगा और माता-पिता के सपनों को पूरा करेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल दौरे पर आ रही प्रियंका गांधी! 3.50 लाख महिलाओं को मिल सकती है ₹1500 की पहली किस्त
चार महीने पहले जब साहिल अग्निवीर बनकर सेना में भर्ती हुए थे, तब घर में खुशी का माहौल था। माता-पिता को अपने बेटे पर गर्व था और उन्हें उसके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद थी। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि इतनी जल्दी खुशियां मातम में बदल जाएंगी।
गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
शुक्रवार को साहिल कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। दोपहर बाद परिवार के सदस्यों ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान गांव के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से साहिल को अंतिम विदाई दी। देश की सेवा करने का सपना लेकर सेना में भर्ती हुए इस युवा की अंतिम यात्रा देखकर हर कोई भावुक हो गया। गांव के लोगों ने साहिल को श्रद्धांजलि देते हुए परिवार को इस मुश्किल घड़ी में हिम्मत रखने की बात कही।
यह भी पढ़ें : जगत नेगी के बयान पर सदन में जमकर हंगामा: CM सुक्खू के जवाब से असंतुष्ट भाजपा धरने पर बैठी
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने परिवार को बंधाया ढांढस
साहिल की मौत की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी गांव पहुंचे। इस दौरान अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के अध्यक्ष लाल सिंह कौशल, नायब तहसीलदार आदित्य गुलेरिया, महादेव वृत्त के कानूनगो सुरेंद्र ठाकुर और विकास खंड धनोटू के एसईबीओ मनोज कुमार भी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत अग्निवीर को श्रद्धांजलि दी और दुखी परिवार के प्रति संवेदना जताई।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने दिया धोखा...! मिलने बुलाकर खुद निकल लिए हमीरपुर; गुस्साए पेंशनरों ने दे दी ये चेतावनी
लाल सिंह कौशल ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए केंद्र सरकार से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में परिवार को हर संभव मदद मिलनी चाहिए। वहीं, नायब तहसीलदार आदित्य गुलेरिया ने प्रशासन की ओर से परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया।
चार महीने पहले घर में थीं खुशियां, अब हर तरफ गम
साहिल कुमार का इस तरह दुनिया से चले जाना उनके परिवार और पूरे क्षेत्र के लिए बड़ा सदमा है। जिस घर में चार महीने पहले बेटे के अग्निवीर बनने की खुशियां मनाई जा रही थीं, आज उसी घर में मातम पसरा हुआ है। पिता को बेटे से घर की जिम्मेदारियां संभालने की उम्मीद थी, वहीं बहनों को अपने भाई के लौटने का इंतजार था। लेकिन महाराष्ट्र में हुए इस हादसे ने परिवार के सारे सपने तोड़ दिए। देश की सेवा का सपना लेकर निकले साहिल अब कभी घर नहीं लौटेंगे। उनकी यादें हमेशा परिवार और गांव के लोगों के दिलों में रहेंगी।
