राजनीति

#राजनीति

November 20, 2026

हिमाचल दौरे पर आ रही प्रियंका गांधी! 3.50 लाख महिलाओं को मिल सकती है ₹1500 की पहली किस्त

सुक्खू सरकार प्रियंका गांधी के हाथों जारी करवा सकती है 1500 की पहली किस्त

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

priyanka gandhi

सोलन/शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर महिलाओं को मिलने वाले 1500 रुपये की चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार प्रदेश की करीब 3.50 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता देने की तैयारी में है। इस बीच राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले का दौरा कर सकती हैं।


संभावना जताई जा रही है कि महिलाओं के खाते में 1500 रुपये की पहली किस्त जारी करने के लिए प्रियंका गांधी को ही मंच पर लाया जा सकता है। हालांकि, अभी तक न तो प्रियंका गांधी के दौरे की आधिकारिक तारीख सामने आई है और न ही पहली किस्त जारी करने के कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा हुई है। लेकिन इस संभावित घटनाक्रम ने प्रदेश की सियासत में हलचल जरूर बढ़ा दी है।

प्रियंका गांधी के सोलन दौरे की चर्चा

हिमाचल में प्रियंका गांधी का सोलन दौरा राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। सोलन जिले से उनका पुराना जुड़ाव रहा है और ऐसे में उनके संभावित दौरे को लेकर चर्चाएं तेज हैं। बताया जा रहा है कि सरकार महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की शुरुआत बड़े राजनीतिक कार्यक्रम के माध्यम से करना चाहती है। यदि प्रियंका गांधी इस कार्यक्रम में शामिल होती हैं तो उनके हाथों 3.50 लाख महिलाओं के खाते में पहली किस्त जारी करवाने की योजना पर विचार हो सकता है। हालांकि, दौरे और कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। 

 

यह भी पढ़ें : जगत नेगी के बयान पर सदन में जमकर हंगामा: CM सुक्खू के जवाब से असंतुष्ट भाजपा धरने पर बैठी

3.50 लाख महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये

दरअसल, सुक्खू सरकार ने 13 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू करने का फैसला लिया है। इसके तहत 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की करीब 3.50 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का भी प्रावधान किया गया है। सरकार की ओर से लाभार्थियों की पहचान की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिलाओं के खाते में पहली किस्त कब पहुंचेगी और सरकार इसकी शुरुआत किस बड़े कार्यक्रम से करेगी। 

11 दिसंबर से पहले ही मिल सकता है महिलाओं को तोहफा!

राजनीतिक गलियारों में पहले यह चर्चा थी कि सुक्खू सरकार अपने कार्यकाल के चार साल पूरे होने के अवसर पर 11 दिसंबर को बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर सकती है। इसी कार्यक्रम में प्रियंका गांधी को बुलाने और उनके हाथों महिलाओं को 1500 रुपये की पहली किस्त जारी करवाने की संभावना जताई जा रही थी। लेकिन अब सोलन में प्रियंका गांधी के संभावित दौरे की चर्चाओं के बीच यह सवाल उठने लगा है कि क्या सरकार महिलाओं को 11 दिसंबर तक इंतजार करवाने के बजाय इससे पहले ही आर्थिक सहायता की शुरुआत कर देगी।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने दिया धोखा...! मिलने बुलाकर खुद निकल लिए हमीरपुर; गुस्साए पेंशनरों ने दे दी ये चेतावनी

भाजपा के चुनावी मुद्दे सुक्खू सरकार चलेगी बड़ा दांव

महिलाओं को 1500 रुपये देने का मुद्दा पिछले काफी समय से हिमाचल की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की गारंटी दी थी। इसके बाद भाजपा लगातार इस मुद्दे को उठाकर सुक्खू सरकार से सवाल करती रही है। विपक्ष का आरोप रहा है कि सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए वादों को समय पर पूरा नहीं किया और महिलाओं को अपने हक के पैसे के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : कोर्स करने निकली बेटी तीन दिन से नहीं लौटी घर, पिता ने युवक पर जताया शक- पहुंचा थाने

 

ऐसे में अगर 3.50 लाख महिलाओं के खातों में वास्तव में पहली किस्त पहुंच जाती है तो राजनीतिक बहस का रुख बदल सकता है। कांग्रेस इसे अपनी चुनावी गारंटी के क्रियान्वयन के तौर पर सामने रख सकती है, जबकि भाजपा के लिए इस मुद्दे पर सरकार की आलोचना करने का आधार पहले की तुलना में बदल सकता है। हालांकि, भाजपा के पास योजना के लाभार्थियों की संख्या, पात्रता और भुगतान की नियमितता को लेकर सवाल उठाने का विकल्प भी रहेगा।

चुनावी साल से पहले महिलाओं पर सरकार का फोकस

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 के उत्तरार्ध में होने हैं। ऐसे में चुनावी साल से पहले महिलाओं के खाते में 1500 रुपये की शुरुआत को सरकार के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक और प्रशासनिक कदम माना जा रहा है। प्रदेश की राजनीति में महिला मतदाताओं की भूमिका अहम रही है और कांग्रेस सरकार इस योजना के माध्यम से अपनी महिला कल्याण से जुड़ी नीतियों को प्रमुखता से सामने रख सकती है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बस स्टॉप पर चिट्टा सप्लाई करने आया था पंजाबी, पुलिस ने दबोचा- पहुंचा जेल

चार साल के कार्यक्रम में कैबिनेट विस्तार पर भी नजर

11 दिसंबर को सुक्खू सरकार के चार साल पूरे होने के कार्यक्रम को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। इस कार्यक्रम को लेकर केवल सरकारी उपलब्धियों के प्रदर्शन की ही चर्चा नहीं है, बल्कि मंत्रिमंडल में खाली पद भरने और संगठनात्मक समीकरणों को लेकर भी निगाहें टिकी हुई हैं। मुख्यमंत्री पहले भी संकेत दे चुके हैं कि मंत्रिमंडल के खाली पद को भरने और विधानसभा में उपाध्यक्ष का पद भरने पर फैसला किया जा सकता है। 

अब प्रियंका के दौरे और पहली किस्त की तारीख पर टिकी निगाहें

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रियंका गांधी सोलन पहुंचकर हिमाचल की 3.50 लाख महिलाओं के खाते में 1500 रुपये की पहली किस्त जारी करेंगी या सरकार इसके लिए 11 दिसंबर के कार्यक्रम का इंतजार करेगी। तारीख को लेकर तस्वीर साफ होना अभी बाकी है, लेकिन इतना जरूर है कि महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। कांग्रेस के लिए यह अपनी गारंटी को लागू करने का अहम अवसर हो सकता है, जबकि भाजपा की नजर इस बात पर रहेगी कि सरकार घोषणा के साथ-साथ नियमित भुगतान भी सुनिश्चित कर पाती है या नहीं। अब आने वाले दिनों में प्रियंका गांधी के दौरे और पहली किस्त की तारीख पर होने वाला फैसला ही इस राजनीतिक तस्वीर को और स्पष्ट करेगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख