राजनीति

#राजनीति

November 20, 2026

2027 के लिए हिमाचल कांग्रेस का बड़ा दांव: इन 22 सीटों पर कटेंगे दिग्गजों के टिकट ! जयराम के गढ़ पर नजर

हिमाचल में कांग्रेस 2027 के चुनाव में 22 सीटों पर कर सकती है बड़ा उल्टफेर

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

himachal Congress

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट अभी से शुरू हो गई है। सत्ता की कुर्सी बचाये रखने के लिए कांग्रेस ने ऐसा मास्टरप्लान तैयार किया है। जिसने पार्टी के ही कई बड़े और पुराने दिग्गज नेताओ की नींद उड़ा दी है। आने वाले चुनाव में अब 'पुराना चेहरा या लम्बा अनुभव ' काम नहीं आएगा। बल्कि सिर्फ 'जिताऊ दम' पर ही टिकट मिलेगा। कांग्रेस प्रदेश की उन 22 सीटों पर बड़ा उलटफेर करने की तैयारी में है, जहां पार्टी लगातार हार का मुंह देख रही है।

इन 22 सीटों पर हो सकता है बड़ा उल्टफेर

प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों में से करीब एक-तिहाई यानी 22 सीटें ऐसी हैं, जो कांग्रेस के लिए 'अभेद्य किला' बन चुकी हैं। 2017 और 2022 दोनों चुनावों में पार्टी यहां हार गई। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें 9 सीटें ऐसी हैं जहां कांग्रेस लगातार तीन बार हारी है, जबकि 6 सीटों पर चार या उससे ज्यादा बार से हार का सिलसिला जारी है। इस 'रेड लिस्ट' में जुब्बल, भरमौर, नूरपुर, जसवां-प्रागपुर, सुलह, बंजार, आनी, हमीरपुर, झंडूता, बिलासपुर, पच्छाद, पांवटा साहिब, चौपाल और मंडी जिले की 9 सीटें शामिल हैं। अब इन सीटों पर पुराने नेताओं का रिपोर्ट कार्ड खंगाला जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में इन 22 सीटों पर बड़ा उल्टफेर देखने को मिल सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल दौरे पर आ रही प्रियंका गांधी! 3.50 लाख महिलाओं को मिल सकती है ₹1500 की पहली किस्त

जयराम के गढ़ मंडी पर कांग्रेस की पैनी नजर

कांग्रेस की इस पूरी रणनीति का सबसे बड़ा केंद्र पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृह जिला मंडी है। मंडी की 10 सीटों में से पिछले दो चुनावों (2017 और 2022) में कांग्रेस को महज 1-1 सीट ही नसीब हुई, जबकि 9 सीटों पर भाजपा का एकतरफा दबदबा रहा। खासकर सराज सीट पर कांग्रेस की पैनी नजर है, जहां से जयराम ठाकुर 1998 से लगातार छह बार जीतते आ रहे हैं। सराज, नाचन, सुंदरनगर, करसोग, दरंग, जोगिंदरनगर, मंडी सदर, बल्ह और सरकाघाट में भाजपा की ताकत को तोड़ने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद मैदान में उतर चुके हैं और लगातार दौरों व घोषणाओं के जरिए जमीन तैयार कर रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें : जगत नेगी के बयान पर सदन में जमकर हंगामा: CM सुक्खू के जवाब से असंतुष्ट भाजपा धरने पर बैठी

लगातार हारने वालों का पत्ता कटना तय

सियासी गलियारों में सबसे बड़ी हलचल इस बात को लेकर है कि टिकट बंटवारे में इस बार कोई लिहाज नहीं बरता जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने साफ इशारा कर दिया है कि 2027 में टिकट का एकमात्र पैमाना 'जीतने की क्षमता' होगी। वहीं, कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी पहले ही सख्त लहजे में चेतावनी दे चुकी हैं कि लगातार दो या तीन चुनाव हारने वाले नेताओं के टिकट पर हाईकमान पुनर्विचार करेगा।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने दिया धोखा...! मिलने बुलाकर खुद निकल लिए हमीरपुर; गुस्साए पेंशनरों ने दे दी ये चेतावनी

 

ऐसे में साफ है कि आने वाले दिनों में हिमाचल कांग्रेस के भीतर कई बड़े चेहरों की छुट्टी हो सकती है और नए चेहरों को बड़ा मौका मिल सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस का यह 'टिकट बदलाव फार्मूला' 2027 में जयराम ठाकुर के मजबूत किले को भेद पाता है या फिर टिकट कटने की आहट से पार्टी के भीतर ही नई बगावत की चिंगारी भड़कती है।

किन नेताओं की टिकट पर पड़ सकता है असर?

कांग्रेस की इस संभावित रणनीति का असर प्रदेश के कई पुराने और दिग्गज नेताओं पर पड़ सकता है। खासकर उन नेताओं की उम्मीदवारी पर सवाल उठ सकते हैं, जिन्हें लगातार चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है। इस चर्चा में सबसे पहले नाम पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी का आता है। भरमौर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को पिछले दो चुनावों में हार मिली है। ऐसे में पार्टी यहां नए चेहरे की तलाश कर सकती है। दूसरा नाम पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी का है, जिन्हें बल्ह विधानसभा क्षेत्र में लगातार दो चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, बिलासपुर सदर से पूर्व विधायक बंबर ठाकुर की उम्मीदवारी पर भी पार्टी नए सिरे से विचार कर सकती है, क्योंकि यहां भी कांग्रेस लगातार दो चुनाव हार चुकी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : कोर्स करने निकली बेटी तीन दिन से नहीं लौटी घर, पिता ने युवक पर जताया शक- पहुंचा थाने

पुराने और नए चेहरों में तालमेल बैठाना बनेगा चुनौती

हालांकि, इन नेताओं का राजनीतिक अनुभव और अपने-अपने क्षेत्रों में पुराना जनाधार भी पार्टी के लिए अहम है। ऐसे में टिकट बदलने का फैसला आसान नहीं होगा। वहीं, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर का मामला इन सबसे अलग है। वह जुलाई 2026 में ही आठ बार विधायक रहने के बाद चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर चुके हैं और नए नेतृत्व को मौका देने की बात कह चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस के सामने असली चुनौती यह होगी कि पुराने नेताओं के राजनीतिक अनुभव और नए चेहरों की चुनावी संभावनाओं के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए। फिलहाल किसी भी नेता का टिकट काटने या नए चेहरे को उम्मीदवार बनाने का आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख