#हादसा
November 15, 2026
मौके से हुआ फरार मची अफरा तफरी कार चालक ने बाइक सवार युवकों को मारी टक्कर

जवाली (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे सड़क हादसे कई परिवारों की खुशियां छीन रहे हैं। कहीं तेज रफ्तार जिंदगी पर भारी पड़ रही है तो कहीं वाहन चालकों की एक छोटी सी लापरवाही दूसरों के लिए मुसीबत बन रही है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा जिला कांगड़ा के जवाली में सामने आया है, जहां बाइक पर जा रहे दो युवकों को एक तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत जवाली-नगरोटा सूरियां मार्ग पर हार के समीप यह सड़क हादसा हुआ। रविवार को दो युवक बाइक पर सवार होकर काम के सिलसिले में नगरोटा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान नगरोटा से जवाली की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 6297 पदों पर शुरू होगी भर्ती, 5 साल से है अटकी; अब सुक्खू सरकार ने बनाया नया प्लान
हादसे के बाद कार चालक ने घायलों की मदद करने के बजाय मौके से फरार होना उचित समझा। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल जवाली पहुंचाया गया। हादसे के बाद फरार कार चालक को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी हुई है।
हादसे में घायल युवकों की पहचान शाम सिंह पुत्र मणि राम निवासी स्तेरा सुखार और रविन्द्र कुमार पुत्र करतार सिंह निवासी धनेटी चूरू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शाम सिंह मिस्त्री का काम करता है, जबकि रविन्द्र कुमार मजदूरी करता है। दोनों रविवार को बाइक पर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कुछ देर में होगा फौजी अक्षय का अंतिम संस्कार, घर पहुंची पार्थिव देह- मां बेसुध
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल जवाली लाया गया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से हादसे की सूचना पुलिस थाना जवाली को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। चिकित्सकों ने दोनों युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें : कल से शुरू होगा हिमाचल विस का विंटर सेशन : सवालों के साथ विपक्ष तैयार, आज दिल्ली जा रहे CM...
पुलिस थाना जवाली की टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और कार चालक किस दिशा में फरार हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।