चंबा। क्या हो अगर आपकी सालों की मेहनत और यादें एक पल में आग की भेंट चढ़ जाएं, ऐसा ही एक दर्दनाक अग्निकांड जिला चंबा में सामने आया है, जहां एक सरकारी स्कूल अचानक भीषण आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने स्कूल के तीन कमरों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और सब कुछ जलकर राख हो गया।
अचानक स्कूल में लगी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के चुराह उपमंडल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत जसौरगढ़ के सलोह स्थित प्राथमिक पाठशाला का है। यहां पर बीते कल रविवार दोपहर बाद अचानक स्कूल परिसर में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और स्कूल के तीन कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में जल्द दस्तक देगा मानसून- भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
रविवार होने के कारण स्कूल में छुट्टी थी और कोई भी छात्र या शिक्षक मौके पर मौजूद नहीं था। इस वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। अगर स्कूल के समय यह घटना होती तो कई बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
स्कूल की रसोई तक पहुंची आग, सिलेंडर फटने से मची दहशत
बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में उसने पूरे स्कूल भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें स्कूल की रसोई तक पहुंच गईं, जहां गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग लगने के बाद सिलेंडरों में जोरदार धमाके होने लगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ITI के पास नशा सप्लाई करते थे तीन युवक, पुलिस ने लाखों के चिट्टे संग किए गिरफ्तार
धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सहम गए और पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया। सिलेंडर फटने के बाद आग और भी भयंकर हो गई, जिसके कारण ग्रामीणों के लिए उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
शिक्षा का मंदिर बना राख का ढेर, बच्चों की आंखों में आए आंसू
इस भीषण आग में स्कूल का जरूरी रिकॉर्ड, सरकारी दस्तावेज, फर्नीचर, बच्चों की किताबें और पढ़ाई से जुड़ी अन्य सामग्री पूरी तरह जल गई। जब गांव के लोग और स्कूली बच्चे मौके पर पहुंचे तो अपने स्कूल को जलता देख भावुक हो गए। जिस जगह बच्चे रोज पढ़ाई करने आते थे, वही जगह राख के ढेर में बदल चुकी थी। यह दृश्य देखकर कई बच्चों की आंखों से आंसू निकल आए और हर कोई इस घटना से दुखी नजर आया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से जरूरी काम के लिए निकला था 60 वर्षीय बुजुर्ग, जंगल में पड़ी मिली देह
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, लेकिन आग पर नहीं पाया जा सका काबू
जैसे ही स्कूल में आग लगने की खबर गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। कोई पानी लेकर पहुंचा तो कोई मिट्टी डालकर आग को रोकने की कोशिश करता रहा। ग्रामीणों ने काफी मेहनत की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उनकी कोशिशें सफल नहीं हो पाईं। देखते ही देखते स्कूल भवन का बड़ा हिस्सा जलकर पूरी तरह खत्म हो गया।
मौके पर पहुंचा प्रशासन, नुकसान का किया जा रहा पता
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व विभाग की टीम को भेजा गया।
