#हादसा
November 7, 2026
आधी रात को हुआ हादसा, सुबह मंजर देख कांप गई रूह

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से दिवाली के त्योहार के बीच एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां एक ओर लोग दीपावली की खुशियां मनाने की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं ढांगी गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 400 से 500 मीटर नीचे गहरी ढलान में जा गिरा। हादसे में ट्रक का केबिन पूरी तरह पिचक गया और उसमें फंसे एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति घायल हो गया। रात के अंधेरे में राहत कार्य में मुश्किलें आईं और सुबह उजाला होने पर मृतक का शव क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला गया।
यह हादसा राजगढ़ क्षेत्र के ढांगी गांव के समीप मध्यरात्रि करीब 12 बजकर 20 मिनट पर पेश आया। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार धाली गांव, डाकघर देवठी मझगांव निवासी हीरा सिंह ने बताया कि रात के सन्नाटे में अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। कुछ ही देर में पता चला कि ढांगी गांव के पास एक ट्रक सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिवाली पर घर जाने की थी जल्दी, ट्रेन की चपेट में आया श्रमिक; क*ट गया पैर
सूचना मिलते ही हीरा सिंह अन्य ग्रामीणों के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि ट्रक सड़क से करीब 400 से 500 मीटर नीचे गहरी घासनी में पड़ा हुआ था। इतनी ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। ट्रक का केबिन पूरी तरह पिचक गया था और अंदर सवार लोगों की स्थिति बेहद गंभीर थी। रात का अंधेरा और खड़ी ढलान राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी बाधा बन गए।
रातभर हादसे के बाद घटनास्थल पर मुश्किलें बनी रहीं। शनिवार सुबह जब उजाला हुआ तो ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन के भीतर एक व्यक्ति मृत अवस्था में फंसा हुआ दिखाई दिया। ट्रक मालिक ने मृतक की पहचान टीका राम पुत्र संत राम के रूप में की, जो जिला शिमला के संजौली स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निवासी था। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिवाली से पहले बुझ गया घर का चिराग, 9 वर्षीय मासूम को गाड़ी ने मारी टक्कत
इस दुर्घटना में ट्रक में सवार दूसरा व्यक्ति दीपक पुत्र सूबा राम निवासी नेपाल घायल अवस्था में मिला। हादसे के बाद उसे उपचार की आवश्यकता पड़ी। एक ही वाहन में सफर कर रहे दो लोगों में से एक की मौत और दूसरे के घायल होने की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह दुर्घटना हुई। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना राजगढ़ में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
दिवाली के माहौल के बीच हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया है। जिस समय लोग अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाने की तैयारी कर रहे हैं, उसी दौरान टीका राम की मौत की खबर ने उसके परिजनों को सदमे में डाल दिया। ढांगी गांव के पास हुआ यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित करता है।