#हादसा
November 5, 2026
खेल-खेल में पेड़ पर चढ़ गया था अनिकेत, पैर फिसलने से नीचे गिरा

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के शिलाई विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां छठी कक्षा के छात्र अनिकेत का असमय निधन हो गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटी बोंच में पढ़ने वाला ये मासूम तीन छोटी बहनों का इकलौता भाई था। इस अनहोनी के बाद से ग्राम पंचायत लाणी बोराड के कटारी गांव सहित पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार पर दुखो का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रारम्भिक जानकारी के मुताबिक 11 साल का अनिकेत पुत्र प्रताप सिंह रोज़ की तरह अपने स्कूल से पढ़ाई कर घर को लौटा था। इसके बाद वो अपने घर के पास ही एक पेड़ पर खेल खेल में चढ़ने लगा। बताया जा रहा है कि पेड़ में चढ़ते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और पैर फिसलने की वजह से वो पेड़ से नीचे जा गिरा। इस हादसे के तुरंत बाद ही उसकी सांसे थम गई। हालांकि इस हादसे और हादसे के कारणों की अभी जांच चल रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में हिमकेयर की जगह नई बीमा योजना तैयार, नया कार्ड बनवाने के साथ प्रीमियम भी देना पड़ेगा
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिकेत अपने परिवार में चार भाई.बहनों में सबसे बड़ा और तीन छोटी बहनों का इकलौता भाई था। रक्षाबंधन पर बहनों की कलाई की शान और माता.पिता की आंखों का तारा अचानक यूं जुदा हो जाएगा, ऐसा किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था। इकलौते बेटे की मौत के बाद से माता पिता पूरी तरह से सदमें में है, जबकि भाईदूज से कुछ दिन पहले ही तीन बहनों ने अपने इकलौते भाई को खो दिया है।
हादसे की भनक लगते ही स्थानीय प्रशासन हरकरत में आ गया है । मामले की जानकारी देते हुए नायब तहसीलदार जय कृष्ण ने बताया कि बच्चे के निधन की सूचना मिलते ही मौके पर संबंधित क्षेत्र के पटवारी को भेजा गया है। प्रशासन की ओर से घटना से जुड़े सभी ज़रूरी साक्ष्य और जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: हंसते-खेलते स्कूल जा रही थी 17 साल की बच्ची, अचानक से उठा दर्द और थम गई सांसें
कोटी बोंच स्कूल के प्रधानाचार्य कृष्ण पराशर ने अनिकेत को याद करते हुए कहा की वो एक बेहतर होनहार और एक्टिव छात्र था, जो पढाई से लेकर स्कूल की हर गतिविधि में हमेशा आगे शामिल रहता था। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान टीआर निंटा और स्कूल स्टाफ ने अनिकेत के निधन पर बहुत गहरा दुःख जताया है। अनिकेत के अचानक चले जाने से उसके क्लास के सहपाठी और दोस्त भी गहरे सदमे में हैं।