कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा स्थित धर्मशाला में केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री एसपी सिंह बघेल ने अपने दौरे के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और उनके नेतृत्व की जमकर सराहना की। मगर इस बीच उन्होंने कांग्रेस को आईना दिखाते हुए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल पर भी टिपण्णी की।
प्रशासनिक रूप से अक्षम थे राजीव गांधी
केन्द्रीय मंत्री बघेल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी भले ही इरादतन निर्दोष थे, लेकिन प्रशासनिक रूप से अक्षम थे। उन्होंने खुद एक बार यह स्वीकार किया था कि केंद्र सरकार की ओर से भेजे गए एक रुपये में से केवल पंद्रह पैसे ही लाभार्थी तक पहुंचते हैं, बाकी राशि रास्ते में ही खत्म हो जाती है।
यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर का राष्ट्रीय राजनीति में बढ़ा कद, मोदी-03 सरकार में बिना मंत्री पद निभा रहे अहम जिम्मेदारियां
इस ऐतिहासिक विफलता के उलट, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने पारदर्शी और प्रभावी प्रशासन की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है।
भारत के रक्षा निर्यात में 34 गुना वृद्धि
बघेल ने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार द्वारा संचालित डीबीटी (Direct Benefit Transfer) प्रणाली ने यह सुनिश्चित किया है कि केंद्र से भेजी गई वित्तीय सहायता बिना किसी बिचौलिए के सीधे जरूरतमंदों के बैंक खातों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों का कार्यकाल पूरी तरह सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। रक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति का जिक्र करते हुए बघेल ने बताया कि 2014 के मुकाबले अब भारत के रक्षा निर्यात में 34 गुना वृद्धि हुई है। भारत अब एक उभरती हुई वैश्विक रक्षा विनिर्माण शक्ति के रूप में खड़ा है।
ग्रामीण आर्थिकी को मिले मजबूती
बघेल ने नक्सल प्रभावित इलाकों में आई शांति का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के प्रयासों से देश में नक्सली घटनाओं में 70 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। दूध और मत्स्य उत्पादन की बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत दूध उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है और मत्स्य उत्पादन में दूसरा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बेकरी पर मिली हैश ब्राउनीज और भारी मात्रा में चरस, ग्राहकों को ढूंढ रही पुलिस
हिमाचल प्रदेश में सरकार ट्राउट मछली पालन और भेड़ पालन के व्यवसाय को बढ़ावा देने की दिशा में योजनाबद्ध ढंग से कार्य करेगी, ताकि यहां की ग्रामीण आर्थिकी को मजबूती मिल सके।
चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में नवाया शीश
इस अवसर पर एसपी सिंह बघेल ने धर्मशाला के प्रसिद्ध चामुंडा नंदिकेश्वर धाम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना भी की और मां दुर्गा तथा भगवान शिव से आशीर्वाद लिया। मंदिर के पुजारी ओम व्यास ने उन्हें पारंपरिक सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। बहरहाल, केंद्रीय मंत्री के इस दौरे से हिमाचल प्रदेश के विकास में केंद्र की भूमिका को लेकर एक सकारात्मक संदेश गया है और यह साफ हो गया है कि आने वाले वर्षों में प्रदेश को केंद्र से और भी मजबूत सहयोग मिलेगा।
