#राजनीति
June 11, 2025
अनुराग ठाकुर का राष्ट्रीय राजनीति में बढ़ा कद, मोदी-03 सरकार में बिना मंत्री पद निभा रहे अहम जिम्मेदारियां
भारत के रुख को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में निभा रहे महत्वपूर्ण भूमिका
शेयर करें:
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से लगातार पांचवीं बार सांसद बने अनुराग सिंह ठाकुर भले ही केंद्र सरकार में मंत्री पद पर नहीं हैं और न ही उन्हें भाजपा संगठन में कोई औपचारिक जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेतृत्व का उन पर विश्वास लगातार बढ़ता जा रहा है। अनुराग ठाकुर को संगठनात्मक गतिविधियों से लेकर देश की बड़ी नीतिगत घोषणाओं तक में सबसे आगे रखा जा रहा है।
हाल ही में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की सैन्य कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर के बाद सरकार ने एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का गठन किया, जिसमें अनुराग सिंह ठाकुर को शामिल किया गया।
हिमाचल जैसे छोटे राज्य के एकमात्र सांसद के रूप में उनका इस प्रतिनिधिमंडल में होना न सिर्फ उनके राजनीतिक कद को दर्शाता है, बल्कि इससे प्रदेश की प्रतिष्ठा भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ऊंची हुई है।
भले ही अनुराग ठाकुर भाजपा के किसी पद पर फिलहाल नियुक्त न हों, लेकिन वे पार्टी के नीति संवाद, प्रेस वार्ताओं और कार्यशालाओं में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा कई बार राष्ट्रीय मुद्दों पर पार्टी की ओर से बोलने और प्रचार करने की जिम्मेदारी सौंपते हैं। यह उनकी कार्यक्षमता और नेतृत्व कौशल का प्रमाण है।
हाल ही में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशों की यात्राओं से लौटे सांसदों से मुलाकात की, तो अनुराग ठाकुर न सिर्फ उस बैठक में शामिल थे, बल्कि प्रधानमंत्री के ठीक बगल में खड़े नजर आए। यह संकेत है कि शीर्ष नेतृत्व उन्हें कितनी अहमियत देता है।
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने भी अनुराग ठाकुर के योगदान को सराहा और सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में उनके शामिल होने को हिमाचल के लिए गौरव की बात बताया। उन्होंने उन्हें सार्वजनिक तौर पर सम्मानित करने की इच्छा भी व्यक्त की है।
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, आत्मबल और आत्मविश्वास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को भारतीय सेना की अद्वितीय शक्ति और भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती साख का प्रतीक बताया।