शिमला। देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर शिमला पहुंचे। पहले उनका आगमन गुरुवार को तय था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के चलते वह शुक्रवार को चंडीगढ़ से हेलिकॉप्टर के माध्यम से अनाडेल हेलीपैड पहुंचे, जहां से वे सीधे राजभवन के लिए रवाना हुए।
उनके आगमन को लेकर शहर में अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक अनाडेल-विधानसभा मार्ग और शिल्ली चौक-ओक ओवर मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए अस्थायी रूप से बंद किया गया। इस दौरान आम जनता को इन मार्गों के स्थान पर वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करने की सलाह दी गई।
नौणी यूनिवर्सिटी जाने का है प्लान
बता दें कि इस दौरे के दौरान उप राष्ट्रपति का सोलन जाने का भी प्लान है। 7 जून को वे डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी (जिला सोलन) में एक संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में राज्य सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से उच्च स्तरीय उपस्थिति रहेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : फोरलेन पर पलटा सरिए से लदा ट्रक, चपेट में आया दूसरी लेन से आ रहा वाहन- अंदर फंसे ड्राइवर-कंडक्टर
ट्रैफिक प्लान में सख्ती
उनके दो दिवसीय दौरे के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर किसी भी प्रकार की यातायात बाधा न हो, इसके लिए 300 से अधिक पुलिस जवानों को सुरक्षा और ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात किया गया है। पुलिस विभाग की ओर से अतिरिक्त फोर्स भी बुलाया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के डिपुओं में महंगा मिलेगा रिफाइंड तेल- चने की दाल राशन लिस्ट से बाहर; जानें पूरी खबर
डीएसपी ट्रैफिक संदीप शर्मा ने कहा कि उपराष्ट्रपति के काफिले को देखते हुए यातायात पूरी तरह नियंत्रित किया जा रहा है। जिन वाहनों ने अनधिकृत रूप से मार्गों को बाधित किया है, उन्हें क्रेन के माध्यम से हटाया जाएगा।
कार्यालय आने वालों के लिए विशेष निर्देश
कुमार हाउस और आसपास के सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सिर्फ वही कर्मचारी वाहन लेकर आएं जिनके पास पार्किंग की समुचित सुविधा उपलब्ध है।
