शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी बारिश के बीच भूस्खलनए मलबा गिरने और अन्य प्राकृतिक आपदाओं ने सड़क यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रदेश के अलग.अलग हिस्सों में सैकड़ों सड़कें बंद होने से लोगों को आवाजाही में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस सब के बीच अब लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि अगले 48 घंटों में प्रदेश की सभी बंद सड़कों को खोल दिया जाएगा। इसके लिए भारी मशीनरी ग्राउंड पर तैनात कर दी गई है। 

सड़क बहाली के लिए उतारी मशीनरी

लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि प्रदेश में इस समय 138 सड़कें बंद हैं और इन्हें बहाल करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। सड़कों से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के लिए विभाग ने 535 मशीनरी ग्राउंड पर तैनात कर दी है। इसके साथ ही विभागीय कर्मचारी भी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम कर रहे हैं। मंत्री के अनुसार प्राथमिकता उन सड़कों को दी जा रही है, जिनके बंद होने से स्थानीय लोगों, किसानों-बागवानों और आम जनता को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: अतिक्रमण हटाने पर हुआ बवाल, गाड़ी के नीचे लेट गई महिला; मची अफरा तफरी

भूस्खलन से बार-बार बाधित हो रही आवाजाही

प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर पहाड़ियों से मलबा और पत्थर सड़कों पर आ रहे हैं। इससे सड़कें खुलने के बाद भी दोबारा बंद होने की स्थिति पैदा हो रही है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग के सामने केवल सड़क खोलना ही नहीं, बल्कि लगातार निगरानी रखते हुए यातायात को सुरक्षित बनाए रखना भी बड़ी चुनौती है। विभाग प्रभावित सड़कों का लगातार अपडेट ले रहा है।

48 घंटे में सभी बंद सड़कें खोलने का दावा

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विभाग की पूरी कोशिश है कि अगले 48 घंटे में प्रदेश की सभी वर्तमान में बंद सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए मशीनरी और कर्मचारियों को मौके पर लगाया गया है तथा प्रभावित मार्गों पर लगातार काम किया जा रहा है। हालांकि बारिश और भूस्खलन के कारण परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: मेले से 10वीं की छात्रा लापता, अगले दिन मिली; बोली- युवक ने दोस्त के कमरे में की नीचता

टायरिंग का काम प्रभावित, मानसून के बाद रफ्तार बढ़ाने की तैयारी

लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि सड़कों की टायरिंग का काम भी प्रभावित हुआ है। बिटुमेन के दाम बढ़ने के कारण कुछ ठेकेदारों ने काम करने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध जैसी परिस्थितियों के चलते बिटुमेन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में टायरिंग से जुड़े कई कार्यों को मानसून समाप्त होने के बाद पूरा करने की योजना है।

बेहतर सड़क नेटवर्क के लिए टनल निर्माण पर जोर

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में बेहतर और स्थायी सड़क संपर्क के लिए टनल निर्माण पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक भी की। उनके अनुसार प्रदेश में 294 सड़कों पर काम चल रहा है, जबकि कुछ सड़क परियोजनाओं से जुड़े मामले अदालत में लंबित होने के कारण काम प्रभावित हो रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में BJP नेता से मिला ढेर सारा चिट्टा, नामी होटल से चल रहा था धंधा- कैश और तराजू भी सीज

एक ठेकेदार को सात से अधिक काम नहीं देने का फैसला

लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदारों को लेकर भी एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंत्री के अनुसार विभाग ने तय किया है कि एक ठेकेदार को सात से अधिक काम आवंटित नहीं किए जाएंगे। यह मामला फिलहाल न्यायालय में है और विभाग अदालत में मजबूती के साथ अपना पक्ष रखेगा।

भाजपा की राष्ट्रीय टीम में हिमाचल को जगह नहीं 

विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में हिमाचल प्रदेश के किसी नेता को जगह नहीं मिलने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल के किसी नेता को राष्ट्रीय टीम में शामिल किया जाता तो बेहतर संदेश जाता। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए निराशाजनक बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए था।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : रावी नदी का तेज बहाव बना बाधा- नहीं मिला 6 साल का मासूम, हफ्ते से तलाश में जुटी पुलिस

कुलदीप सिंह राठौर के समर्थन में उतरे विक्रमादित्य

कुलदीप सिंह राठौर और केहर सिंह खाची के बीच कथित विवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर विक्रमादित्य सिंह ने राठौर का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राठौर हिमाचल कांग्रेस के मजबूत और अनुभवी नेताओं में से हैं। उनकी राजनीतिक यात्रा छात्र राजनीति से शुरू होकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और AICC के राष्ट्रीय प्रवक्ता जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंची है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें