#अपराध
August 18, 2026
हिमाचल में BJP नेता से मिला ढेर सारा चिट्टा, नामी होटल से चल रहा था धंधा- कैश और तराजू भी सीज
हाल ही में एक टूर्नामेंट में भाजपा नेताओं के साथ नजर आया था आरोपी
शेयर करें:

रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर में नशे के खिलाफ कार्रवाई के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सियासी हलकों में भी हलचल बढ़ा दी है। जिस होटल में पुलिस ने देर रात दबिश दी, वहां सिर्फ चिट्टा ही नहीं मिला, बल्कि नकदी और डिजिटल तराजू भी बरामद हुआ। कार्रवाई में जिस शख्स को पकड़ा गया, उसकी पहचान सामने आने के बाद मामला और भी चर्चा में आ गया।
किन्नौर पुलिस ने स्पीलो स्थित कुबेर होटल में छापेमारी कर 7.78 ग्राम चिट्टे के साथ बीजेपी के एक नेता को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 लाख 4 हजार 700 रुपये की नकदी और डिजिटल वजन मशीन भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था। बीती रात पुलिस टीम ने कुबेर होटल में दबिश दी और तलाशी के दौरान नशीला पदार्थ, नकदी और डिजिटल तराजू बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
मामला तब और चर्चा में आ गया, जब प्रदेश के बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने प्रेस वार्ता में आरोपी की पहचान बुधासेन उर्फ विक्की के रूप में बताई।
नेगी के अनुसार, आरोपी पूह ब्लॉक भाजपा युवा मोर्चा का पूर्व अध्यक्ष और भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता रह चुका है। वह किन्नौर के पूह क्षेत्र के स्पीलो का रहने वाला है। मंत्री ने यह भी दावा किया कि जिस होटल में पुलिस ने कार्रवाई की, उसका मालिक भी भाजपा से जुड़ा कार्यकर्ता रहा है।
जगत सिंह नेगी ने किन्नौर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि आरोपी नशा माफिया की तरह काम कर युवाओं को नशे के दलदल में धकेल रहा था। उन्होंने दावा किया कि आरोपी हाल ही में एक टूर्नामेंट के दौरान भी भाजपा नेताओं के साथ नजर आया था। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि किन्नौर में चिट्टे की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
मंत्री ने बताया कि किन्नौर पुलिस नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक जिले में नशे से जुड़े 25 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और करीब 120 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। बरामद नकदी, डिजिटल तराजू और चिट्टे को लेकर भी पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है।