#राजनीति
November 15, 2026
कहा सभ्य और पढ़ा लिख व्यक्ति नहीं कर सकता इस तरह की भाषा का प्रयोग

शिमला। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के बाद मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत राजनीतिक और कानूनी विवादों में घिरती नजर आ रही हैं। एक तरफ उनके सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शिमला में पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, तो दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस नेताओं ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अब प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कंगना की बयानबाजी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे हिमाचल की संस्कृति और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके अनुसार कोई भी सभ्य और पढ़ा-लिखा व्यक्ति सार्वजनिक जीवन में इस तरह की बयानबाजी नहीं कर सकता। उन्होंने कंगना रनौत पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बिना मतलब के बयान देती रहती हैं। विक्रमादित्य सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम को हिमाचल प्रदेश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणी प्रदेश की संस्कृति पर काले धब्बे की तरह है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में युवक ने शुरू किया प्रदेश का पहला डोंकी फार्म, 7 हजार रुपए प्रतिकिलो बेचेगा गधी का दूध
विवाद की जड़ कंगना रनौत की वह सोशल मीडिया पोस्ट है, जिसमें उन्होंने सोनिया गांधी की जीवनी और गांधी परिवार से जुड़े पुराने घटनाक्रमों पर टिप्पणी की थी। पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों के साथ-साथ मेनका गांधी के परिवार से अलग होने और सोनिया गांधी की नागरिकता का भी जिक्र किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पोस्ट में किए गए कुछ दावे और उनके प्रस्तुत करने का तरीका आपत्तिजनक तथा भ्रामक है। शिकायत में इन टिप्पणियों को लेकर कानूनी कार्रवाई और साइबर फॉरेंसिक जांच की मांग की गई थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की बहू बनी मेलबर्न की हेन्ना, सात समंदर पार हुई थी मुलाकात; अब हिंदू रीति रिवाज से हुई शादी
कंगना रनौत की मुश्किलें उस समय और बढ़ गईं, जब उनके 10 नवंबर को किए गए सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शिमला के बोइल्यूगंज पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। यह कार्रवाई शिमला निवासी सेवानिवृत्त कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत के बाद हुई। शिकायत में पोस्ट की भाषा और उसमें गांधी परिवार से जुड़े घटनाक्रम को लेकर किए गए दावों पर आपत्ति जताई गई थी। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सेहरा बांधने से 16 दिन पहले उठी फौजी की अर्थी, सैन्य सम्मान से विदा किया जवान अक्षय
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शिमला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा देने, सार्वजनिक उपद्रव से जुड़े बयान या सूचना प्रसारित करने और मानहानि जैसे आरोपों से संबंधित हैं। हालांकि, एफआईआर दर्ज होना आरोपों की पुष्टि या दोष सिद्ध होना नहीं है। मामले की जांच के बाद ही आगे की कानूनी स्थिति स्पष्ट होगी।
इस मामले ने हिमाचल की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। जहां कांग्रेस नेता कंगना की टिप्पणियों को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कंगना की सोशल मीडिया टिप्पणियों को उनकी निजी राय बताया है। उन्होंने एफआईआर को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने का प्रयास करार देते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इस तरह मामला अब केवल सोशल मीडिया पोस्ट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी का मुद्दा भी बन गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कुछ देर में होगा फौजी अक्षय का अंतिम संस्कार, घर पहुंची पार्थिव देह- मां बेसुध
सोनिया गांधी पर की गई टिप्पणी, पुलिस कार्रवाई और उसके बाद कांग्रेस नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाओं ने हिमाचल प्रदेश का राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। विक्रमादित्य सिंह ने जहां सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का सवाल उठाया है, वहीं भाजपा ने कंगना के बयान को व्यक्तिगत विचार बताते हुए उनका बचाव किया है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और इस मामले में कंगना रनौत की आगे आने वाली प्रतिक्रिया पर टिकी है।