#राजनीति
November 15, 2026
मंत्री पद का इंतजार और बढ़ती नाराजगी के बीच वायरल तस्वीर ने बढ़ाई हलचल

कुल्लू। राजनीति में तस्वीरें कई बार शब्दों से ज्यादा चर्चा बटोर लेती हैं। किसी नेता की एक मुलाकात या किसी समारोह में खिंची तस्वीर भी सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ देती है। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में इन दिनों कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मंडी दौरे के दौरान भाजपा विधायक अनिल शर्मा के साथ उनकी नजदीकियों को लेकर चर्चाएं तेज हुई थीं और अब कुल्लू से सामने आई एक तस्वीर ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।
इस तस्वीर में कांग्रेस के कुल्लू सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर भाजपा के एक पूर्व मंत्री के साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आने का समय भी काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि सुंदर सिंह ठाकुर इन दिनों मंत्रिमंडल में जगह न मिलने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं और 11 दिसंबर के बाद कार्यकर्ताओं की ओर से अगली रणनीति तय करने की बात कह चुके हैं।
यह भी पढ़ें : "यह हिमाचल की संस्कृति पर काला धब्बा है": कंगना के बयानों पर भड़के मंत्री विक्रमादित्य सिंह
सुंदर सिंह ठाकुर और भाजपा के पूर्व मंत्री की यह तस्वीर एक शादी समारोह की बताई जा रही है। हालांकि, शादी समारोह में अलग-अलग दलों के नेताओं का मिलना सामान्य बात है और केवल एक तस्वीर के आधार पर किसी राजनीतिक बदलाव का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। इसके बावजूद मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में तस्वीर के सामने आने से चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर भी इसे सुंदर सिंह ठाकुर की नाराजगी और उनके अगले राजनीतिक कदम से जोड़कर देखा जा रहा है। सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह महज एक सामाजिक मुलाकात है या आने वाले दिनों में कुल्लू की राजनीति में कोई नया समीकरण देखने को मिल सकता है?
यह भी पढ़ें : हिमाचल में युवक ने शुरू किया प्रदेश का पहला डोंकी फार्म, 7 हजार रुपए प्रतिकिलो बेचेगा गधी का दूध
सुंदर सिंह ठाकुर लंबे समय से सुक्खू सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने को लेकर उनके समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी सामने आती रही है। हाल ही में कुल्लू में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में यह असंतोष खुलकर सामने आया। बैठक के बाद सुंदर सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया पर आत्मसम्मान और भविष्य की रणनीति को लेकर संदेश साझा किया था। इसके बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर कई तरह के कयास लगाए जाने लगे।
सुंदर सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन खबरों का खंडन किया था, जिनमें उनके मंत्री न बनाए जाने की स्थिति में कांग्रेस छोड़ने की बात कही जा रही थी। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा था कि आत्मसम्मान और भविष्य की रणनीति को लेकर 11 दिसंबर के बाद कार्यकर्ता फैसला करेंगे। उनके इस बयान ने सियासी चर्चाओं को और तेज कर दिया। अब 11 दिसंबर की समय-सीमा को कुल्लू कांग्रेस के भीतर चल रहे असंतोष के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की बहू बनी मेलबर्न की हेन्ना, सात समंदर पार हुई थी मुलाकात; अब हिंदू रीति रिवाज से हुई शादी
सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने की मांग अब केवल विधायक तक सीमित नहीं रही है। कुल्लू ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रस्ताव पारित कर चेतावनी दी थी कि यदि 11 दिसंबर तक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री नहीं बनाया गया तो ब्लॉक कार्यकारिणी, 16 जोन अध्यक्ष, 157 बूथ अध्यक्ष और अग्रिम संगठनों के प्रमुख अपने संगठनात्मक पदों से सामूहिक इस्तीफा देंगे। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी ने भी ब्लॉक कमेटी के प्रस्ताव का समर्थन किया है। जिला संगठन ने भी सरकार से सुंदर सिंह ठाकुर को जल्द मंत्रिमंडल में शामिल करने की मांग उठाई है। ऐसे में कुल्लू कांग्रेस के भीतर बढ़ता दबाव अब प्रदेश नेतृत्व के लिए भी चुनौती बनता दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सेहरा बांधने से 16 दिन पहले उठी फौजी की अर्थी, सैन्य सम्मान से विदा किया जवान अक्षय
एक ओर कांग्रेस संगठन सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की मांग पर लामबंद होता नजर आ रहा है, तो दूसरी ओर भाजपा नेताओं के साथ उनकी तस्वीर सामने आने से राजनीतिक अटकलों को नया आधार मिल गया है। हालांकि, अभी तक इस तस्वीर को किसी राजनीतिक मुलाकात या दल बदलने के संकेत के तौर पर पुष्ट नहीं किया गया है। सुंदर सिंह ठाकुर भी कांग्रेस छोड़ने की खबरों का खंडन कर चुके हैं। ऐसे में तस्वीर को लेकर उठ रही चर्चाएं फिलहाल राजनीतिक कयास ही हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कुछ देर में होगा फौजी अक्षय का अंतिम संस्कार, घर पहुंची पार्थिव देह- मां बेसुध
अब निगाहें 11 दिसंबर पर टिकी हैं। क्या सुक्खू सरकार कुल्लू सदर के विधायक को मंत्रिमंडल में जगह देकर लंबे समय से चली आ रही नाराजगी दूर करेगी? क्या कांग्रेस संगठन की सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी के बाद सरकार कोई फैसला लेगी? या फिर 11 दिसंबर के बाद सुंदर सिंह ठाकुर और उनके समर्थक कोई नई रणनीति सामने रखेंगे? फिलहाल इन सवालों के जवाब भविष्य के गर्भ में हैं। लेकिन इतना साफ है कि एक शादी समारोह की तस्वीर ने उस समय कुल्लू की राजनीति को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है, जब कांग्रेस के भीतर मंत्री पद को लेकर असंतोष पहले से ही गहराया हुआ है।