#राजनीति
November 3, 2026
हिमाचल में कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई: 13 युवा कांग्रेस पदाधिकारियों को कर दिया निलंबित; जानें क्यों
दिल्ली रैली में गैरहाजिर रहने वाले 13 युवा कांग्रेस पदाधिकारियों पर कार्रवाई
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। एक तरफ भाजपा सहित तमाम राजनीतिक दल अपने संगठन को मजबूत करने और चुनावी जमीन तैयार करने में जुटे हैं, तो दूसरी ओर सत्तारूढ़ कांग्रेस ने भी पार्टी के भीतर अनुशासन और सक्रियता को लेकर सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने अपने 13 पदाधिकारियों को निलंबित कर संगठन के भीतर बड़ा संदेश दिया है। कार्रवाई की जद में प्रदेश उपाध्यक्ष से लेकर महासचिव और सचिव स्तर तक के पदाधिकारी आए हैं।
युवा कांग्रेस की ओर से जारी आदेश के मुताबिक इन पदाधिकारियों को दिल्ली में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने के कारण तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक निलंबित किया गया है। यह आदेश 2 नवंबर 2026 को प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव (संगठन) आर्यन चौहान ने जारी किया। हालांकि, संगठन का कहना है कि मामला केवल दिल्ली के कार्यक्रम में गैरहाजिरी तक सीमित नहीं है। संबंधित पदाधिकारी लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय नहीं थे और कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद उनकी कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ।
हिमाचल में अगले विधानसभा चुनाव के लिए अभी समय है, लेकिन राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस के लिए सत्ता में रहते हुए संगठन को सक्रिय रखना और पार्टी के भीतर तालमेल बनाए रखना अहम चुनौती है। ऐसे में युवा कांग्रेस के 13 पदाधिकारियों पर हुई कार्रवाई को संगठन में अनुशासन लागू करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें : नहीं रहे MLA नंदलाल: PM सिक्योरिटी और फिर सोनिया गांधी की सुरक्षा संभाली, वीरभद्र के थे करीबी
पार्टी के भीतर यह संदेश देने की कोशिश भी मानी जा रही है कि संगठन में पद मिलने के साथ जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। केवल पद पर बने रहने से काम नहीं चलेगा, बल्कि बैठकों, आंदोलनों और पार्टी के तय कार्यक्रमों में भागीदारी भी दिखानी होगी। आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि कार्रवाई युवा कांग्रेस तक सीमित रहती है या प्रदेश कांग्रेस के दूसरे संगठनात्मक स्तरों पर भी निष्क्रिय पदाधिकारियों की समीक्षा होती है।

युवा कांग्रेस के आदेश में दिल्ली में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को कार्रवाई का आधार बताया गया है। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली में संबंधित पदाधिकारी शामिल नहीं हुए थे। संगठन ने इसे नेतृत्व के निर्देशों की अनदेखी और अनुशासन से जुड़ा मामला माना।
यह भी पढ़ें : राजीव भवन से रामपुर तक निकलेगी MLA नंद लाल की अंतिम यात्रा, पूरा क्षेत्र देगा श्रद्धांजलि
युवा कांग्रेस महासचिव (संगठन) आर्यन चौहान के मुताबिक, संबंधित पदाधिकारी काफी समय से संगठन के कामकाज में सक्रिय नहीं थे। उन्हें कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन बैठकों और कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। दिल्ली रैली में अनुपस्थिति के बाद संगठन ने उनके खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया।
युवा कांग्रेस की कार्रवाई में कुल 13 पदाधिकारी शामिल हैं। इनमें दो प्रदेश उपाध्यक्ष, आठ प्रदेश महासचिव और तीन प्रदेश सचिव हैं। निलंबित पदाधिकारियों के नाम इस प्रकार हैं:
प्रदेश उपाध्यक्ष
सभी पदाधिकारियों का निलंबन तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है और यह अगले आदेश तक जारी रहेगा। आदेश की प्रतियां भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी शेष नारायण ओझा, सचिव एवं सह-प्रभारी ज्योतिष एचएम, हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर और कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री को भी भेजी गई हैं।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू ने 2024 में बगावत रोकने के लिए नंदलाल को सौंपी थी अहम जिम्मेदारी! दिया था बड़ा पद
युवा कांग्रेस की इस कार्रवाई को प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की ओर से हाल के महीनों में दिए जा रहे संगठनात्मक संदेशों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने सितंबर में संगठन की बैठकों के दौरान निष्क्रिय पदाधिकारियों को बदलने और पार्टी के कामकाज में जवाबदेही तय करने की बात कही थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालने वालों को समय देना होगा और बैठकों से लगातार अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों की जगह सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाया जा सकता है।