#राजनीति
November 7, 2026
संगठन की मजबूती पर भी हो सकती है चर्चा

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। मुलाकात की तस्वीरें मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने दोनों नेताओं को प्रदेश के करीब 75 लाख लोगों की ओर से दीपावली की शुभकामनाएं दीं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी हिमाचल वासियों के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
मुख्यमंत्री के दिल्ली पहुंचने के बाद अब कांग्रेस हाईकमान के साथ उनकी संभावित बैठक को लेकर चर्चा तेज हो गई है। शनिवार को शीर्ष नेताओं के साथ मुलाकात होने की संभावना है, जिसमें प्रदेश कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विचार-विमर्श हो सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बढ़ी नए जिलों की उम्मीद! आयोग ने शुरू किया मंथन, बदल जाएंगी सीमाएं
दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ प्रस्तावित बैठक में हिमाचल प्रदेश में पार्टी संगठन की स्थिति और उसे मजबूत करने से जुड़े मुद्दे उठाए जा सकते हैं। प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री की हाईकमान के साथ बैठक में प्रदेश मंत्रिमंडल के विस्तार का मुद्दा भी उठ सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है और न ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई निर्णय घोषित किया गया है।
यह भी पढ़ें : धनतेरस के दिन सुक्खू सरकार की बड़ी जीत, सालाना 1000 करोड़ की कमाई होगी
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 6 नवंबर को चंबा जिले के करियां स्थित एनएचपीसी हेलीपैड से हेलिकॉप्टर के जरिए चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए थे। वहां से वह दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की।
दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व के साथ संभावित बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू के शनिवार दोपहर बाद शिमला लौटने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर अभी आधिकारिक दौरा कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। अब सभी की नजरें दिल्ली में होने वाली संभावित बैठक और उसमें प्रदेश संगठन तथा सरकार से जुड़े मुद्दों पर होने वाली चर्चा पर टिकी हैं।