#अपराध
August 18, 2026
हिमाचल: अतिक्रमण हटाने पर हुआ बवाल, गाड़ी के नीचे लेट गई महिला; मची अफरा तफरी
सामान जब्त करने पहुंची नगर निगम शिमला की टीम के सामने हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई के दौरान मंगलवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब लक्कड़ बाजार में सामान जब्त करने पहुंची नगर निगम की टीम के सामने एक महिला तहबाजारी विरोध में एमसी की गाड़ी के नीचे जाकर लेट गई। महिला के इस कदम के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को समझाया और सुरक्षित रूप से गाड़ी के नीचे से बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक नगर निगम की टीम लक्कड़ बाजार के नो-वेंडिंग जोन में बैठे तहबाजारियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। निगम कर्मियों ने नियमों का उल्लंघन कर लगाए गए सामान को हटाना और जब्त करना शुरू किया। इसी दौरान एक महिला तहबाजारी ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। महिला का कहना था कि नगर निगम की कार्रवाई से उसकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है और उसका सामान जब्त किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मेले से 10वीं की छात्रा लापता, अगले दिन मिली; बोली- युवक ने दोस्त के कमरे में की नीचता
कार्रवाई से नाराज महिला ने पहले निगम की गाड़ी के सामने खड़े होकर विरोध जताया। इसके बाद स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब महिला अचानक गाड़ी के नीचे जाकर लेट गई। महिला को इस तरह गाड़ी के नीचे लेटा देखकर निगम कर्मचारियों के साथ मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। निगम की गाड़ी वहीं रुक गई और काफी देर तक मौके पर हंगामा चलता रहा।
नगर निगम कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने महिला को काफी समझाने का प्रयास किया। उसे बताया गया कि सरकारी कार्रवाई में इस तरह बाधा डालना उसके लिए कानूनी परेशानी खड़ी कर सकता है। बावजूद इसके महिला गाड़ी के नीचे से बाहर आने को तैयार नहीं हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला से बातचीत कर उसे शांत कराया और सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद नगर निगम की टीम अपनी कार्रवाई आगे बढ़ा सकी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में BJP नेता से मिला ढेर सारा चिट्टा, नामी होटल से चल रहा था धंधा- कैश और तराजू भी सीज
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, शहर के बाजारों और सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। निगम का कहना है कि यह कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। लक्कड़ बाजार और लोअर बाजार के कई हिस्सों को नो-वेंडिंग जोन के तौर पर चिन्हित किया गया है, जहां दुकानों के बाहर या निर्धारित स्थानों के अलावा तहबाजारी की अनुमति नहीं है।
निगम प्रशासन ने तहबाजारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे केवल उन्हीं स्थानों पर कारोबार करें, जो उनके लिए निर्धारित किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बार-बार प्रतिबंधित क्षेत्रों में सामान लगाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर सामान जब्त किया जाएगा। वहीं, तहबाजारियों की ओर से कार्रवाई को लेकर विरोध भी सामने आ रहा है। ऐसे में शिमला के बाजारों में अतिक्रमण हटाने की मुहिम और तहबाजारियों के बीच टकराव आने वाले दिनों में भी देखने को मिल सकता है।