शिमला हिमाचल की राजनीति में शुक्रवार देर रात एक ऐसी मुलाकात हुई, जिसने सत्ता और विपक्ष के बीच चल रही तल्ख बयानबाज़ी के बीच अचानक नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। निजी शिष्टाचार के तौर पर बताई जा रही यह भेंट अपने समय, सियासी पृष्ठभूमि और हालिया घटनाक्रम के चलते अब सिर्फ पारिवारिक मुलाकात भर नहीं मानी जा रही है। दिल्ली से हिमाचल पहुंचे BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात की है

आधी रात की मुलाकात, गरमा गई सियासत

शुक्रवार रात करीब 11 बजे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के शिमला स्थित सरकारी आवास पहुंचे। बताया गया कि नड्डा, डिप्टी सीएम की बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री की शादी की शुभकामनाएं देने पहुंचे थे। इस मुलाकात की जानकारी खुद मुकेश अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया के ज़रिए साझा की, वहीं भाजपा की ओर से भी इसे एक सौहार्दपूर्ण और व्यक्तिगत भेंट बताया गया।

 

यह भी पढ़ें :  युवा राजनीति की मिसाल बने PWD मंत्री विक्रमादित्य, लंदन में मिला बड़ा सम्मान

हालिया बयानों ने बदले मुलाकात के मायने

हालांकि यह मुलाकात ऐसे वक्त पर हुई, जब ठीक दो दिन पहले ही मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी के पड्डल मैदान में कांग्रेस सरकार के कार्यक्रम के दौरान अफसरशाही पर तीखा हमला बोला था। मंच से उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को संबोधित करते हुए कहा था कि “ऐसे काम नहीं चलेगा”, और अफसरों पर सख्ती बरतने की जरूरत जताई थी। उन्होंने यहां तक कहा था कि जो अधिकारी कांग्रेस की सरकार होते हुए भाजपा नेताओं के घरों में हाजिरी भर रहे हैं, उन पर कार्रवाई का वक्त आ गया है।

BJP नेताओं की मौजूदगी से बढ़ी अटकलें

इस मुलाकात के दौरान नड्डा के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे। तीनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने इस भेंट को और ज्यादा राजनीतिक रंग दे दिया। सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई कि क्या भाजपा, डिप्टी सीएम की अपनी सरकार से नाराजगी को भांपते हुए कोई संदेश देना चाहती थी।

 

यह भी पढ़ें : वर्करों संग दिल्ली पहुंचे CM सुक्खू, कांग्रेस आज दिखाएगी अपनी ताकत- जानें क्या है मामला

अग्निहोत्री और जयराम एक साथ, बदले समीकरण?

मुलाकात की सबसे ज्यादा चर्चा उस दृश्य को लेकर हुई, जिसमें मुकेश अग्निहोत्री और जयराम ठाकुर एक साथ बैठे नजर आए। लंबे समय से एक-दूसरे के सियासी प्रतिद्वंद्वी रहे ये दोनों नेता एक ही छत के नीचे सहज माहौल में दिखे। इसे हिमाचल की राजनीति में बदलते समीकरणों और संभावित नई पटकथा के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।

अपनी ही सरकार में असहज दिख रहे मुकेश

बीते कुछ समय से मुकेश अग्निहोत्री अपनी ही सरकार को लेकर असहज दिखाई दे रहे हैंसोशल मीडिया पर उनकी टिप्पणियां हों या फिर मंडी कार्यक्रम में मंच से कही गई सख्त बातें, इन सबने पहले ही अटकलों को हवा दी थीअक्सर मीडिया के सवालों पर वे मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र का हवाला देकर जवाब टालते रहे, लेकिन मंडी में उन्होंने खुलकर सरकार और सिस्टम पर सवाल उठाए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : गेस्ट हाउस में चल रहा था नशे का धंधा- पुलिस ने दी दबिश, 6 आरोपी काबू

श्रद्धांजलि और शुभकामनाओं का संदेश

मुलाकात के बाद डिप्टी सीएम ने बताया कि जेपी नड्डा ने उनकी बेटी के विवाह की शुभकामनाएं दीं और दिवंगत प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। सार्वजनिक तौर पर यह संदेश पूरी तरह निजी और भावनात्मक था, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके निहितार्थ तलाशे जाते रहे।

निजी भेंट या सियासी संकेत?

अब सवाल यही है कि क्या यह मुलाकात सिर्फ पारिवारिक शिष्टाचार तक सीमित थी, या इसके जरिए हिमाचल की राजनीति में कोई सियासी संदेश भी दिया गया। समय और परिस्थितियां इस भेंट को साधारण से कहीं ज्यादा अहम बना रही हैं, और यही वजह है कि हिमाचल की सियासत में इस पर चर्चाओं का दौर अभी थमता नहीं दिख रहा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें