#राजनीति
December 13, 2025
वर्करों संग दिल्ली पहुंचे CM सुक्खू, कांग्रेस आज दिखाएगी अपनी ताकत- जानें क्या है मामला
3000 कार्यकर्ता होंगे शामिल
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की सियासत एक बार फिर दिल्ली की ओर रुख करने जा रही है। कांग्रेस पार्टी की ओर से 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित की जा रही ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली में हिमाचल कांग्रेस पूरी ताकत के साथ उतरने की तैयारी में है। इस रैली में CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सभी कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ नेता और करीब 3000 कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। कांग्रेस इस रैली को केंद्र सरकार के खिलाफ बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देख रही है।
CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार यानी आज को दिल्ली रवाना होंगे। उनके साथ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कैबिनेट मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, निगम-बोर्डों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और पार्टी के अग्रणी संगठन भी रैली में हिस्सा लेंगे। पार्टी का दावा है कि हिमाचल से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी इस रैली को मजबूती देगी और कांग्रेस की एकजुटता का प्रदर्शन होगा।
यह भी पढ़ें : RTO ने भरा हिमाचल सरकार का खजाना- नियम तोड़ने पर काटे 3 करोड़ के चालान, जानें
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार पहले ही नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। आज यानी 13 दिसंबर को वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग सलाहकार बोर्ड की बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे, जबकि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। इसके अगले दिन 14 दिसंबर को विनय कुमार दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में हिमाचल कांग्रेस की अगुवाई करेंगे।
वोट चोर, गद्दी छोड़ महारैली को लेकर संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रैली की व्यवस्थाओं के लिए गठित कमेटी के प्रभारी और हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशों पर दिल्ली जाने वाले सभी कार्यकर्ताओं के खाने-पीने, ठहरने और आवागमन की पूरी व्यवस्था कर ली गई है। पार्टी चाहती है कि कार्यकर्ताओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू बोले- बिना तथ्यों के बस झूठ बोलते हैं जयराम, अब प्रतिक्रिया देने का भी नहीं करता मन
CM के निर्देशों पर रैली के लिए अलग से परिवहन और भोजन समिति भी बनाई गई है। इस समिति की अध्यक्षता डिप्टी चीफ व्हिप केवल सिंह पठानिया कर रहे हैं। चंबा के विधायक नीरज नैयर और हज कमेटी के अंतरिम अध्यक्ष दिलदार अली बट को इसका सदस्य बनाया गया है। समिति को हिमाचल से दिल्ली तक कार्यकर्ताओं की आवाजाही और भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस इस महारैली को लोकतंत्र, संविधान और चुनावी प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ बड़े राजनीतिक प्रदर्शन के रूप में पेश कर रही है। हिमाचल कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि दिल्ली की इस रैली के जरिए पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी आवाज और मजबूत करेगी।