शिमला। संसद का मानसून सत्र शुरू होने से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश के CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य से चुने गए भाजपा सांसदों को भावुक और तीखा संदेश दिया है। सोशल मीडिया के माध्यम से जारी इस संदेश में उन्होंने कहा है कि देश की सबसे बड़ी पंचायत यानी संसद में जनता के मुद्दों पर जब बहस हो, तो हिमाचल की भी आवाज गूंजे।

हिमाचल के लिए बिना शर्त राहत पैकेज की मांग करें सांसद

CM सुक्खू ने कहा कि प्रदेश पिछले एक साल से प्राकृतिक आपदाओं की मार झेल रहा है। लोगों के घर उजड़ चुके हैं, जानें गई हैं और जीवन की पूंजी मलबे में दब चुकी है। ऐसे में हिमाचल के लिए संसद में एक विशेष आपदा राहत पैकेज की ज़रूरत है।

 

यह भी पढ़ें : बिजली महादेव रोपवे मामला: MLA सुंदर ठाकुर ने पेश किए कई सबूत, विरोधियों को बताया 'दोगला'

 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले साल आई आपदा के लिए 2006 करोड़ रुपए मंजूर किए थे, लेकिन यह राशि कई शर्तों से बंधी हुई है। पहले राज्य सरकार को नुकसान का विस्तृत प्रोजेक्ट भेजना होगा। ऐसे हालात में तुरंत राहत देना मुश्किल हो जाता है। सुक्खू ने कहा कि हमें बिना शर्तों वाला पैकेज चाहिए जिससे लोगों की तात्कालिक मदद हो सके।

“जरूरत पड़ी तो BJP सांसदों के साथ दिल्ली जाने को तैयार”

CM ने साफ कहा कि हिमाचल की भलाई के लिए वे किसी भी स्तर पर जाने को तैयार हैं। यदि भाजपा सांसदों के साथ मिलकर उन्हें दिल्ली जाना पड़े, तो भी वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने सांसदों से कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर, हिमाचल के लोगों की पीड़ा को सदन में उठाएं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : भांजे ने बताया- उफनती नदी में नहाने जा रहे मामा, पुलिस को नदी किनारे मिली लोई और चप्पल

प्रदेशवासियों से की CM ने ये अपील

सुक्खू ने प्रदेशवासियों से भी अपील की है कि राज्य के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश के कारण हालात गंभीर हैं। नदियां और नाले उफान पर हैं। ऐसे में लोग जोखिम वाले इलाकों में न जाएं और प्रशासन तथा मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें।

 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।