शिमला। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर गोलीकांड मामले में पुलिस ने एक एसआईटी का गठन किया। एडीजीपी ज्ञानेश्वर की अगुवाई में टीम गठित की गई है। डीआईजी सौम्या को चेयरपर्सन बनाया गया है। एसपी बिलासपुर सहित दो और अधिकारी टीम में शामिल हैं। वहीं इस मामले में पुलिस ने अब तक । पुलिस ने एक बोलेरो गाड़ी को मंडी जिले के चक्र से बरामद किया है। उसी जगह के पास एक पिस्तौल बरामद हुआ है। गाड़ी के चालक समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर से मिलने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आईजीएमसी पहुंचे। सीएम सुक्खू ने बंबर ठाकुर का हाल जाना और चिकित्सकों से जानकारी भी ली। सीएम सुक्खू के साथ स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया भी आईजीएमसी पहुंचे थे। सीएम सुक्खू ने बंबर ठाकुर को भी आश्वासन दिया है कि आरोपियों के ख़िलाफ सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाएगी।
क्या बोले सीएम सुक्खू
अस्पताल से बाहर आकर सीएम सुक्खू ने कहा कि बंबर ठाकुर खतरे से बाहर हैं और डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं। वहीं इस गोली कांड पर सीएम सुक्खू ने कहा कि यह निश्चित रूप से एक गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि जो लोग भी इस तरह की घटना में शामिल होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को लेकर पूछे गए सवाल में सीएम सुक्खू ने कहा कि पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं। पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बंबर ठाकुर के आरोप पर त्रिलोक जम्वाल का बड़ा बयान, बताया गैंगवार; जानें क्यों
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार चिट्टा तस्करों के ख़िलाफ सख़्त कार्रवाई कर रही है। तस्करी के मामलों में 30 फ़ीसदी तक की कमी आई है। बंबर ठाकुर पर हमला करने वाले आरोपियों को भी बख़्शा नहीं जाएगा। सीएम सुक्खू ने कहा कि बजट सत्र के दौरान हिमाचल प्रदेश सरकार चिट्टा तस्करी के ख़िलाफ सख़्त क़ानून लाने जा रही है। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी को भी इस तरह के मामलों में राजनीति न करने की सलाह दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार तस्करों को जेल की सलाख़ों के पीछे डालने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बिलासपुर सदर के पूर्व विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बंबर ठाकुर पर हुए जानलेवा हमले पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार करने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपराधिक मामलों को सहन नहीं किया जा सकता। प्रतिभा ने बंबर ठाकुर व उनके सुरक्षा अधिकारी के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा है कि इस घटना में शामिल दोषियों को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने पकड़ा चालक, गाड़ी और पिस्तौल की बरामद
बता दें कि बंबर ठाकुर पर गोलियां चलाकर जिस वाहन में आरोपी भागे थे, पुलिस ने उस वाहन और उसके चालक को पकड़ लिया है। वहीं मंडी के चक्कर से पुलिस ने हमले में इस्तेमाल की गई पिस्तौल को भी बरामद कर लिया है। हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मंडी पुलिस की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बंबर ठाकुर मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया चालक, गाड़ी भी की जब्त
इस गोलीकांड पर गरमाई सियासत
वहीं बंबर ठाकुर पर हुए इस हमले के बाद सियासत गरमा गई है। बंबर ठाकुर ने जहां उन पर किए गए हमलावरों को भाजपा का सरंक्षण देने की बात कही है। वहीं भाजपा नेता प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आपराधिक मामलों में बढ़ोतरी की बात कह रही है। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रदेश में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है, तभी कानून व्यवस्था चरमरा गई है।
