हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर में पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव ने सियासी समीकरणों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। सीएम सुक्खू के गृह जिले में कांग्रेस पंचायत समिति में जीत दर्ज कराने में असफल रही, जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने दोनों पदों पर बाजी मार ली। पंचायत समिति हमीरपुर के नतीजे को भाजपा अपने लिए अहम राजनीतिक बढ़त के तौर पर देख रही है।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में भाजपा समर्थित वासुदेव ने त्रिभुवन शर्मा को 10-7 के अंतर से शिकस्त दी। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित रानी देवी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की।
गृह जिले में कांग्रेस को नहीं मिली जीत
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले में पंचायत समिति के चुनाव परिणाम ने कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है। स्थानीय स्तर के इस चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत ने विपक्ष को सरकार पर राजनीतिक हमला करने का मौका दे दिया है। भाजपा विधायक आशीष शर्मा ने भी चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इसे हमीरपुर में भाजपा की मजबूत पकड़ का संकेत बताया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: किसान पिता की मेहनत लाई रंग, बेटा-बेटी ने एक साथ UGC-NET में लहराया परचम
अध्यक्ष पद पर 10 वोट लेकर वासुदेव विजयी
पंचायत समिति अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवार मैदान में थे। मतदान में कुल 17 सदस्यों ने हिस्सा लिया। भाजपा समर्थित वासुदेव को 10 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी त्रिभुवन शर्मा को 7 मत प्राप्त हुए। 10 मत हासिल करने के बाद वासुदेव को अध्यक्ष पद के लिए विजयी घोषित किया गया। जीत के बाद उन्होंने पंचायत समिति के सभी सदस्यों का आभार जताया और कहा कि वह सभी को साथ लेकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
उपाध्यक्ष पद पर रानी देवी निर्विरोध
उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित रानी देवी के सामने कोई दूसरा प्रत्याशी नहीं आया। इसके चलते उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। रानी देवी ने अपनी जीत के बाद विधायक आशीष शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी और भरोसा दिया गया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी और सभी सदस्यों को साथ लेकर काम करेंगी।
यह भी पढ़ें : कर्मचारियों-पेंशनरों के लिए बड़ी खबर: जल्द मिलेगा DA और 35% एरियर; सीएम सुक्खू ने किया ऐलान
17 के 17 सदस्य रहे मौजूद
चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम संजीत सिंह ने बताया कि पंचायत समिति हमीरपुर के चुनाव के लिए सुबह 11:30 बजे का समय निर्धारित किया गया था। चुनाव प्रक्रिया के दौरान पंचायत समिति के सभी 17 सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए केवल एक उम्मीदवार सामने आया। मतदान के बाद अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित किया गया और उपाध्यक्ष को निर्विरोध चुना गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा में उठेगा मंजू शर्मा मौ*त मामला- डॉक्टरों पर आरोप, विपक्ष के निशाने पर सरकार
जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
नतीजे घोषित होते ही भाजपा समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान भाजपा के पक्ष में जमकर नारेबाजी भी हुई। मौके पर हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा भी मौजूद रहे। चुनाव परिणाम के बाद भाजपा खेमे में खासा उत्साह नजर आया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बिना बारिश दरका पहाड़, भूस्खलन से 200 मीटर सड़क का मिट गया नामोनिशान; मचा हड़कंप
आशीष शर्मा बोले—सुक्खू के गृह जिले में भी भाजपा का दबदबा
भाजपा विधायक आशीष शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा ने एक बार फिर साबित किया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का गृह जिला होने के बावजूद हमीरपुर भाजपा का मजबूत गढ़ है। उन्होंने दावा किया कि जिला परिषद और पंचायत समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने बढ़त हासिल की है। आशीष शर्मा ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर भी हमला बोला और सरकार को घेरने की कोशिश की।
