#राजनीति
November 20, 2026
राफेल की कीमत पर उठाए सवाल

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की ऑपरेशन सिंदूर और राफेल विमान सौदे को लेकर की गई टिप्पणी पर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारतीय सेना और सैन्य अभियान पर टिप्पणी को लेकर भाजपा लगातार मंत्री को घेर रही है।
जहां नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और मंत्रिमंडल से हटाने की मांग उठाई है, वहीं जगत सिंह नेगी ने अपने बयान पर माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया है। शुक्रवार को भाजपा विधायक पोस्टर लेकर विधानसभा की ओर मार्च करते नजर आए और मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।
विवाद 18 नवंबर को विधानसभा में भ्रष्टाचार पर चर्चा के दौरान शुरू हुआ। नेगी ने राफेल विमान सौदे पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि करीब 700 करोड़ रुपये कीमत वाले विमान को 2,300 करोड़ रुपये में खरीदा गया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राफेल विमानों की भूमिका पर भी टिप्पणी की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : PIZZA शॉप के बाहर युवक ने तोड़ा दम, चंद घंटे पहले ही आया था काम पर- सदमे में परिवार
उन्होंने राफेल विमानों की ऑपरेशन सिंदूर में भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने के बजाय भारत को ही मुश्किलों का सामना करना पड़ा। भाजपा ने इसे भारतीय सेना और सैन्य अभियान के पराक्रम पर सवाल उठाने वाला बयान बताया।
19 नवंबर को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सदन में मुद्दा उठाते हुए नेगी से बिना शर्त माफी मांगने और विवादित टिप्पणी को कार्यवाही से हटाने की मांग की। भाजपा विधायकों ने नारेबाजी की और सदन से वॉकआउट किया। सभापति संजय रतन ने सदन की रिकॉर्डिंग जांचने और आपत्तिजनक टिप्पणी पाए जाने पर उसे हटाने का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बस स्टॉप पर चिट्टा सप्लाई करने आया था पंजाबी, पुलिस ने दबोचा- पहुंचा जेल
नेगी ने माफी मांगने से इनकार करते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी सेना के खिलाफ नहीं, बल्कि राफेल सौदे और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने के संदर्भ में थी। संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भी उनका बचाव करते हुए कहा कि बयान को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है।
भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल में हर तीसरे घर का एक सदस्य सशस्त्र बलों में है। रक्षा मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2023 तक हिमाचल में 1,28,576 पूर्व सैनिक दर्ज थे। ऐसे में सेना और सैन्य अभियानों से जुड़ी टिप्पणी का असर केवल राजनीतिक बहस तक सीमित नहीं रहता, बल्कि बड़ी संख्या में सैनिक परिवारों की भावनाओं से भी जुड़ जाता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: खड्ड के तेज बहाव में तैरती मिलीं 2 लोगों की देह, एक के शरीर पर चोट के निशान; कहीं कोई सा.जिश...
भाजपा सांसद हर्ष महाजन ने भी नेगी के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि रक्षा खरीद से जुड़े आरोपों को ठोस सबूतों के साथ उचित मंच पर उठाया जाना चाहिए। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सवाल किया कि क्या वह अपने मंत्री के बयान का समर्थन करते हैं। भाजपा विधायकों ने विधानसभा के बाहर भी विरोध प्रदर्शन कर नेगी के इस्तीफे की मांग उठाई।
यह भी पढ़ें : मां चिंतपूर्णी के चमत्कार से निहाल हुआ पंजाब का भक्त, चढ़ाया 1.100 किलोग्राम चांदी का छत्र
18 नवंबर को सदन में शुरू हुई यह बहस 19 नवंबर को हंगामे और वॉकआउट तक पहुंची। अब 20 नवंबर को भी विवाद जारी है। एक ओर भाजपा माफी और इस्तीफे पर अड़ी है, वहीं नेगी ने अपने बयान को वापस लेने से इनकार कर दिया है।