#राजनीति
November 25, 2026
चुनावी हार के बाद हाईकमान नाराज

शिमला। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस नेतृत्व के बीच तालमेल को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार करना चाहते हैं, लेकिन पार्टी हाईकमान ने इस पर रोक लगा रखी है। जयराम ने तंज कसते हुए कहा कि अब मुख्यमंत्री की हर बात कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व नहीं मान रहा है और उनकी कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्यसभा चुनाव, लोकसभा की चारों सीटों और इसके बाद पंचायती राज व शहरी निकाय चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर हाईकमान नाराज है। उनके मुताबिक, इसी वजह से मंत्रिमंडल में बदलाव और नए मंत्रियों की नियुक्ति का मामला आगे नहीं बढ़ पा रहा है। हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार पर रोक को लेकर उन्होंने कोई आधिकारिक आदेश या पुष्टि पेश नहीं की।
यह भी पढ़ें : तेज रफ्तार पिकअप ने उजाड़ा परिवार, 25 वर्षीय युवक को रौंदा- जुड़वा भाई बेसुध
मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान को लेकर जयराम ने कहा कि उनकी किसी से व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है, लेकिन विधानसभा में भारतीय सेना को लेकर दिया गया बयान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मंत्री को संरक्षण दे रहे हैं। जयराम ने चेतावनी दी कि सरकार को इस मामले का राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने सरकार पर राजनीतिक विरोधियों, सामाजिक संगठनों और कर्मचारी नेताओं के खिलाफ दबाव बनाने का आरोप भी लगाया।
कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च पर सवाल उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस चुनाव आयोग पर पार्टी सवाल उठा रही है, उसी के कराए चुनावों के बाद कांग्रेस प्रदेश की सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है तो उसे सत्ता में बने रहने के नैतिक अधिकार पर भी विचार करना चाहिए। जयराम ने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें : कुत्ते के चक्कर में थम गई व्यक्ति की सांसें, बेटे के घर लौटने का इंतजार कर रहे थे परिजन
जयराम ठाकुर ने युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन अब अस्थायी रोजगार के विकल्पों के जरिए युवाओं को गुमराह किया जा रहा है। उनके अनुसार, सरकार रोजगार के स्थायी अवसर देने के बजाय समय निकालने की कोशिश कर रही है।